Mumbai Rain Alert: कोंकण से मुंबई तक बारिश का कहर, इन दो दिन जमकर होगी बरसात

By: Skymet team | Edited By:
Aug 25, 2025, 2:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

मुंबई में भारी बारिश के आसार

मुंबई में पिछले हफ्ते में झमाझम बारिश हुई थी। हालांकि, पिछले पाँच दिनों से मानसून की गतिविधियाँ कुछ कमजोर रहीं हैं। इस हफ्ते एक बार फिर बारिश बढ़ने की संभावना है। खासकर हफ्ते के दूसरे हिस्से में बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ेंगे। बीच-बीच में भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे यातायात और कनेक्टिविटी प्रभावित होगी।

मानसून सिस्टम से बढ़ेगी बरसात

आमतौर पर मुंबई और कोंकण में बारिश तब तेज होती है, जब बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनते हैं या तटीय ट्रफ सक्रिय होती है। फिलहाल पश्चिम मध्यप्रदेश और इससे सटे उत्तरप्रदेश में एक कमजोर निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इससे मुंबई में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश होगी और कुछ जगहों पर भारी बौछारें संभव हैं। 28 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बनने जा रहा है। जो ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और पूर्वी राजस्थान तक असर डालेगा।

25 से 31 अगस्त तक तेज होगी बारिश

25 से 27 अगस्त के बीच मुंबई और कोंकण तट पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। हफ्ते के दूसरे हिस्से यानी 28 से 31 अगस्त के बीच बारिश की रफ्तार और ताकत बढ़ जाएगी। इन दिनों में रुक-रुककर तेज और भारी बारिश के दौर देखने को मिलेंगे। 2 सितंबर के बाद जब सिस्टम उत्तर-पश्चिम राजस्थान की ओर बढ़ जाएगा, तब बारिश में कमी आ सकती है।

रिकॉर्ड तोड़ सकती है अगस्त की बारिश

मुंबई (सांताक्रुज) में 1 से 25 अगस्त 2025 तक 1055.5 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। अगस्त का सामान्य औसत 585.2 मिमी होता है, यानी इस महीने की बारिश पहले ही लगभग दोगुनी हो गई है। 2020 में अगस्त में 1240.1 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जबकि अब तक का रिकॉर्ड अगस्त 1958 का है (1254 मिमी)। इस बार महीने के आखिरी दिनों में उस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ने की भी संभावना बनी हुई है।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: डिस्कलेमर- यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है

Suggested Resources