आँधी-तूफान-ओलावृष्टि ने दिल्ली-एनसीआर में मचाई तबाही, यातायात सेवाएं चरमराईं, ट्रेनों से लेकर उड़ानों तक असर

By: Skymet team | Edited By:
May 22, 2025, 1:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

जैसा कि 21 मई को पूर्वानुमान में बताया था, वैसे ही कल देर शाम और रात के शुरुआती घंटों में दिल्ली/एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ धूलभरी आँधी चल चली। जिसके बाद में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि तूफान की तीव्रता इतनी ज्यादा होगी इसकी उम्मीद नहीं थी। बता दें, ये इस मौसम की पहली इतनी गंभीर गर्जना और ओलावृष्टि वाली आँधी थी, जिसमें कई जानें भी गईं। इस दौरान सफदरजंग में 80 किमी/घंटा और पालम वेधशाला में 75 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं रिकॉर्ड हुई। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में यह तूफान एक साथ दो घंटे तक चला था।

भीषण गर्मी के बाद बदला मौसम, जनजीवन हुआ प्रभावित

कल पूरे दिनभर दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी रही थी, जहां तापमान महसूस होने वाला यानी "हीट इंडेक्स" 50°C के पार पहुंच गया। इसके बाद देर शाम को धूल भरी तेज हवाएं, आँधी, ओले, बिजली की चकाचौंध और कानों को चीरती गर्जना देखी गई। वहीं, इस भयंक तूफान में पेड़ गिरने से पांच लोगों की जान चली गई और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। साथ ही मेट्रो सेवाएं भी कुछ रूट्स पर प्रभावित हुईं। कई सड़कों पर जलभराव और जाम से यातायात ठप हो गया। हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा, 10 उड़ानें जयपुर और मुंबई डायवर्ट करनी पड़ीं और लगभग 50 उड़ानों में देरी हुई।

तापमान में भारी गिरावट और वर्षा का रिकॉर्ड

सफदरजंग बेस स्टेशन ने कल यानि 21 मई को दिन का अधिकतम तापमान 40.7°C दर्ज किया, जो सामान्य से लगभग 1 डिग्री अधिक था। लेकिन तेज तूफान और बारिश के चलते रात 7:30 बजे से 8:30 बजे के बीच तापमान 14°C गिरकर 37°C से 23°C पहुंच गया। सफदरजंग में 12 मिमी और पालम में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मयूर विहार और सलवान स्कूल वेधशालाओं में 18.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अधिकांश अन्य वेधशालाओं में भी 5 से 10 मिमी के बीच वर्षा दर्ज की गई।

मौसम प्रणाली की स्थिति और आगे का पूर्वानुमान

जैसा कि पहले बताया गया था, उत्तर पंजाब और उससे सटे पाकिस्तान के हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा भी फैली हुई है जो दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल तक जाती है। इस ट्रफ की नजदीकी से हवाओं की दिशा पूर्वी हो गई है, जो नम, गर्म और तेज हैं। बीती रात की बारिश और निचले स्तर पर तेज हवाओं ने आज गर्मी के असर को कम कर दिया है। आज दिन का तापमान 37°C के आसपास ही रहने की संभावना है।

अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान और राहत की उम्मीद

हालांकि आज गर्मी का ट्रिगर नहीं होने से गर्जनशील बादलों की संभावना थोड़ी कम है, लेकिन ट्रफ की निकटता के कारण अगले 4-5 दिनों तक गरज-चमक की गतिविधियाँ जारी रह सकती हैं। कल 23 मई से प्री-मानसून तूफान और बारिश की संभावनाएँ बढ़ेंगी। जिससे सप्ताहांत( 24-25 मई) के साथ अगले हफ्ते भर मौसम सक्रिय रहेगा। हवाओं की दिशा में बदलाव और लंबी प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मई 2025 के शेष दिनों में दिल्ली/एनसीआर में लू की स्थिति नहीं बनने के आसार हैं।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है