मुंबई में नहीं होगी मूसलधार बारिश, जुलाई मध्य तक छिटपुट बौछरों की संभावना...जानें पूरा मौसम अपडेट

By: Skymet team | Edited By:
Jul 7, 2025, 1:45 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

मुंबई में बारिश हुई कम

मुंबई में जुलाई का महीना सबसे अधिक बारिश वाला होता है, जहां औसतन 840.7 मिमी बारिश दर्ज की जाती है। पिछले कुछ वर्षों के रिकॉर्ड बताते हैं कि मुंबई अक्सर इस औसत को बड़े अंतर से पार कर देती है। लगातार छह साल से जुलाई महीने में मुंबई में 1000 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। 2023 और 2024 के जुलाई महीने तो अब तक के सबसे वर्षा वाले महीनों में शामिल रहे हैं, जब मुंबई में 1700 मिमी से अधिक वर्षा हुई और जुलाई 2014 का 1468.5 मिमी का पुराना रिकॉर्ड टूट गया।

Advertisement

जुलाई 2025 में कम बारिश

Advertisement

इन वर्षों के दौरान कई बार 24 घंटे में 200 मिमी से अधिक वर्षा हुई, जिससे मुंबई और उपनगरीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। लेकिन इस बार, यानी जुलाई 2025 में बारिश अब तक काफी हल्की रही है। जुलाई के पहले सप्ताह में मुंबई एयरपोर्ट वेधशाला में केवल 149 मिमी और कोलाबा वेधशाला में मात्र 92 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

मुंबई में भारी वर्षा के कारण: कौन-कौन सी स्थितियाँ बनती हैं

मुंबई में भारी वर्षा आमतौर पर तीन प्रमुख मौसमी परिस्थितियों के कारण होती है। पहली है अरब सागर से तेज मानसूनी पछुआ हवाएँ जब सीधे कोकण तट से टकराती हैं। दूसरी परिस्थिति पश्चिमी तट पर उत्तर-दक्षिण दिशा में सक्रिय ऑफ-शोर ट्रफ (दबाव रेखा) है। वहीं, तीसरा स्थिति में बंगाल की खाड़ी से बने कम दबाव के अवशेष जब पश्चिम मध्यप्रदेश, दक्षिण राजस्थान और उत्तर महाराष्ट्र तक पहुँचते हैं।

अगले एक सप्ताह में पहली दो स्थितियाँ बनने की संभावना नहीं है। हालांकि, तीसरी स्थिति एक कमजोर चक्रवाती परिसंचरण मध्य और पश्चिम मध्य प्रदेश में पहुँच सकता है, जिससे मुंबई और उपनगरों में मध्यम बारिश हो सकती है।

वर्तमान मौसम प्रणाली और संभावित वर्षा

फिलहाल एक कम दबाव का क्षेत्र गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के ऊपर बना हुआ है, जो चक्रवाती परिसंचरण से समर्थित है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ेगा और मध्य प्रदेश पर पहुँचकर कमजोर हो जाएगा, लेकिन उसका प्रभाव मिड-ट्रॉपोस्फेरिक लेवल तक बना रहेगा। इस प्रणाली के होने से कोकण क्षेत्र में पछुआ हवाएँ कुछ हद तक तेज होंगी। हालांकि, इतनी तेज नहीं होंगी कि मुंबई में 24 घंटे में तीन अंकों की भारी वर्षा करवा सकें। 09 से 11 जुलाई 2025 के बीच मुंबई और उसके उपनगरों में मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। लेकिन, इन दिनों में किसी भी दिन 24 घंटे की वर्षा 50 मिमी से अधिक होने की संभावना नहीं है।

मध्य जुलाई तक लक्ष्य से पीछे रहेगी बारिश

इस पूरे परिदृश्य को देखते हुए कहा जा सकता है कि मुंबई में जुलाई के पहले पखवाड़े तक आधी मासिक वर्षा (420 मिमी के आसपास) भी पूरी होने की संभावना नहीं है। इस बार मानसून की शुरुआत अब तक अपेक्षाकृत कमजोर रही है।

Advertisement

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: डिस्कलेमर- यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है