दिल्ली में आखिरकार कब दस्तक देगा मानसून, जानें कब से होगी गर्मी से राहत देने वाली बारिश

By: Skymet team | Edited By:
Jun 27, 2025, 1:15 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार दिल्ली में अपनी सामान्य पहुंच की तारीख (27 जून) को पार कर जाएगा। यानी, राष्ट्रीय राजधानी में इसकी आधिकारिक शुरुआत लगभग दो दिन देरी से होने की संभावना है। वहीं, इस बार मानसूनी बारिश की शुरुआत बेहद जोरदार नहीं होगी जैसी आमतौर पर उम्मीद की जाती है। हालांकि, कुछ जगह तेज बारिश जरूर हो सकती है, लेकिन बहुत कम समय के लिए होगी। मानसून आने की घोषणा करने के बाद अगले 4-5 दिन मौसम सुहावना और आरामदायक बना रहेगा। इसके बाद दोबारा गर्मी और उमस में बढ़ोतरी हो सकती है।

मानसून ट्रफ अभी दिल्ली से दूर, शनिवार रात से बदलेगा मौसम

पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा (East-West Trough) अभी भी दिल्ली के काफी दक्षिण में स्थित है। यह ट्रफ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में मौजूद एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) को उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सक्रिय एक अन्य परिसंचरण से जोड़ रही है। मानसून के दिल्ली पहुंचने के लिए जरूरी है कि यह ट्रफ उत्तर की ओर खिसक कर दिल्ली के पास आ जाए और कुछ समय वहीं बनी रहे, जिससे बारिश हो सके।

इस प्रक्रिया में उत्तर पंजाब और पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा, जो ट्रफ के पश्चिमी छोर को उत्तर की ओर खींचेगा। शनिवार शाम से बारिश और गरज-चमक की गतिविधियाँ शुरू हो सकती हैं, जो रविवार सुबह तक जारी रहेंगी। मानसून की औपचारिक घोषणा रविवार, 29 जून 2025 को की जा सकती है।

दिल्ली में तापमान 38°C तक पहुंचा, बारिश से होगी राहत

बारिश और बादलों की अनुपस्थिति और अस्थायी हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण बीते दिन 26 जून को दिल्ली का तापमान 38°C तक पहुंच गया, जो 15 जून 2025 के बाद सबसे अधिक है। हालांकि, अब तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। आज तापमान लगभग 37°C, कल यानी शनिवार को 36°C, और रविवार को बारिश के बाद यह 35°C से नीचे आ सकता है। यह राहत का दौर अगले हफ्ते के मध्य तक जारी रह सकता है।

देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पहुंचा, दिल्ली अब भी अंतिम छोर पर

इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के अधिकांश हिस्सों में समय से पहले दस्तक दे दी है, लेकिन कुछ क्षेत्र अब भी बाकी हैं जहां मानसून नहीं पहुंच है। इन क्षेत्रों में दिल्ली और इसके उपनगर, पश्चिम उत्तर प्रदेश का एक छोटा हिस्सा, दक्षिण हरियाणा और राजस्थान के चुरी, महाजन, खाजूवाला और बेरियावाली जैसे सीमांत क्षेत्र शामिल हैं। इन सभी इलाकों में मानसून एक साथ रविवार, 29 जून 2025 को पहुंचने की संभावना है। यह काफी दुर्लभ है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मानसून की यात्रा के आखिरी चरण में शामिल हो।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है