14 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: तमिलनाडु, केरल में हो सकती है वर्षा, कश्मीर में हल्की बर्फबारी

February 13, 2017 2:17 PM | Skymet Weather Team

 

उत्तर भारत को फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करने वाला है। 14 फरवरी की शाम को यह सिस्टम जम्मू कश्मीर के पास पहुंचेगा। इसके चलते जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा और बर्फबारी शुरू होगी। गतिविधियां धीरे-धीरे ज़ोर पकड़ेंगी।

इस सिस्टम के चलते उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में शीतल हवाओं का प्रभाव कम होगा जिससे पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी।

इस बीच पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में जारी बारिश की गतिविधियां बंद हो गई हैं। यहाँ बना सिस्टम अब निष्प्रभावी हो गया है जिसके चलते मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा झारखंड में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।

इन भागों में बारिश के चलते नीचे आए अधिकतम तापमान में ऊपर जाने का क्रम शुरू होगा।

पूर्वोत्तर में एक-दो स्थानों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। यहाँ असम तथा अरुणाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं।

दक्षिणी प्रायद्वीपीय हिस्सों के पास कोमोरिन क्षेत्र पर हवाओं में एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इससे उत्तरी तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।

इन दोनों सिस्टमों के प्रभाव से चेन्नई सहित तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा केरल, लक्षद्वीप तथा अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में एक-दो स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। देश के शेष सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा ।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

OTHER LATEST STORIES