03 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: उत्तर भारत में सामान्य से कम तापमान के बीच सर्द होगी सुबह

February 2, 2016 5:36 PM | Skymet Weather Team


 

उत्तर भारत को प्रभावित करने वाला कोई मौसमी सिस्टिम फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में एक बार फिर से न्यूनतम तापमान गिरकर 10°C से नीचे पहुंच गया है। अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा।

हमारा अनुमान है कि 6 फरवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेगा। इस दौरान उत्तर भारत के मैदानी भागों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के चलते सुबह का तापमान बढ़कर 13°C तक चला जाएगा।

कोहरे में भी अब कमी आ गई है। हालांकि पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में बुधवार को हल्का कोहरा छाने के आसार हैं। मैदानी भारत के शेष भागों में हल्का कोहरा छा सकता है।

दूसरी ओर पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

यहां पूर्वोत्तर राज्यों में पिछले दिनों से बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के प्रभाव से सिक्किम, असम, मेघालय और अरूणाचल प्रदेश में हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

देश के मध्य और पश्चिमी राज्यों में आसमान साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ भागों में सामान्य से अधिक तापमान अभी से परेशानी का शबब बन रहा है। विशेषकर विदर्भ में लोगों को अभी से मौसम की बेरूखी झेलनी पड़ रही है।

इधर दक्षिणी राज्यों में इस समय मौसम शुष्क है। इस पूरे हफ्ते फिलहाल कोई विशेष हलचल की संभावना भी नहीं है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान में हल्की कमी होगी। यह 6°C जबकि दिन में 22°C तापमान दर्ज किया जा सकता है।

कोलकाता में पारा बढ़ेगा और दिन में 30°C जबकि रात में 20°C तापमान रहेगा।

मुंबई में भी हल्की बढ़ोत्तरी के चलते दिन में 34°C तापमान दर्ज किया जाएगा। 17°C न्यनतम तापमान होगा।

चेन्नई में दिन में 31°C और रात में 20°C तापमान दर्ज किया जा सकता है।

 

OTHER LATEST STORIES