4 जून का मौसम पूर्वानुमान: पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र में हल्की बारिश की संभावना, लू से मिलेगी राहत

June 3, 2019 10:36 PM|

जून महीने के तीन दिन बीत गए हैं लेकिन मॉनसून के आने की आहट भी नहीं मिल रही है। प्री-मॉनसून वर्षा भी बहुत अधिक नहीं हो रही है। केरल में मॉनसून के 7 जून से पहले आने की संभावना नहीं है।

इस बीच उत्तर में झारखंड से कर्नाटक तक बनी ट्रफ के कारण केरल, आंतरिक तमिलनाडु, कर्नाटक, रायलसीमा और तेलंगाना में हल्की से मध्यम प्री-मॉनसून वर्षा होने की संभावना है।

तटीय आंध्र प्रदेश में भी एक दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में बारिश तेज़ होने के संकेत हैं।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के भागों में देखें तो झारखंड पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है और इस सिस्टम से एक ट्रफ मिज़ोरम तक जा रही है। इन सिस्टमों के प्रभाव से पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में कुछ स्थानों पर अच्छी प्री-मॉनसून वर्षा हो सकती है।

वाराणसी और प्रयागराज सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों में आर्द्र हवाएँ तो आएंगी लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है। हालांकि तापमान में हल्की कमी आ सकती है।

मध्य भारत में भी कुछ स्थानों पर बारिश होगी। दक्षिणी कोंकण-गोवा सहित दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। जबकि मुंबई सहित बाकी पश्चिमी तटीय शहरों में बादल छाएंगे और हल्की बारिश के आसार हैं। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी एक-दो स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है।

जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों, गुजरात और दक्षिणी राजस्थान में मौसम शुष्क ही रहेगा और लू का प्रकोप भी जारी रहेगा।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है और एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर है। कल की तरह ही मैदानी क्षेत्रों में एक ट्रफ भी सक्रिय है।

इसके चलते जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान में भी एक दो स्थानों पर धूलभरी आँधी और गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। राजधानी दिल्ली की हवाओं में भी नमी बढ़ी है जिससे आँधी चलने की संभावना है।

मौसम में बदलाव से इन भागों के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है लेकिन राजस्थान के अधिकांश शहरों पर लू का प्रकोप जारी रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 

author image