Delhi Weather Update: दिल्ली में सीजन की सबसे गर्म रात, 28 मई से बारिश और आँधी के आसार

By: AVM GP Sharma | Edited By: Mohini Sharma
May 25, 2026, 1:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी

मुख्य मौसम बिंदु

  • दिल्ली में तापमान 43°C से 45°C के बीच बना रहेगा।
  • 27 मई से गरज-चमक और तेज हवाओं की शुरुआत होगी।
  • 29 और 30 मई को धूलभरी आँधी और बारिश की संभावना ज्यादा।
  • 28 मई के बाद हीटवेव से राहत मिलने के संकेत

Advertisement

दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और शुष्क मौसम का दौर लगातार बना हुआ है। हालांकि, दिल्ली के अधिकांश मौसम केंद्रों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं पहुंचा, इसलिए औपचारिक रूप से अधिकांश स्थानों पर हीटवेव घोषित नहीं की गई। 24 मई को दिल्ली के मुख्य बेस स्टेशन सफदरजंग में 43.6°C और पालम एयरपोर्ट में 43.7°C अधिकतम तापमान दर्ज किया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक रहा है। वहीं, आयानगर और रिज क्षेत्र सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 44.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2.5 डिग्री ज्यादा था। केवल लोधी रोड केंद्र पर अधिकतम तापमान 43.8°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक होने के कारण हीटवेव की श्रेणी में आ गया। अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक यानी 27 मई तक ऐसा ही गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा। इसके बाद 28 मई से मौसम में बदलाव शुरू होगा और लोगों को राहत मिलने की संभावना है।

Advertisement

पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन बदलेंगे दिल्ली का मौसम

उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों पर इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के सिस्टम के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा 28 मई को एक और अधिक प्रभावशाली पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में पहुँचेगा। इस सिस्टम के प्रभाव से 27 मई को दक्षिण पंजाब, उत्तर राजस्थान और सीमावर्ती इलाकों पर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ लाइन भी विकसित होगी, जो दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश तक फैलेगी। यह ट्रफ प्री-मानसून गतिविधियों की विशेष पहचान मानी जाती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह ट्रफ 27 से 31 मई के बीच दिल्ली और एनसीआर के करीब बनी रहेगी, जिससे मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।

27 मई से बढ़ेंगी आँधी और गरज-चमक की गतिविधियाँ

25 से 27 मई के बीच दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43°C से 45°C के बीच बना रहेगा। सफदरजंग सहित कई केंद्रों पर गर्मी का असर तीव्र रहेगा। कुछ अलग-थलग इलाकों में हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम गर्म और शुष्क रहेगा। 27 मई की शाम से मौसम करवट लेना शुरू करेगा और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद 28 से 31 मई के बीच दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आँधी और गरज-चमक की गतिविधियाँ अधिक नियमित हो जाएंगी, हालांकि इनकी अवधि कम समय की हो सकती है। 29 और 30 मई को इन गतिविधियों का दायरा और तीव्रता अधिक रहने का अनुमान है। इस दौरान कई जगहों पर तेज बारिश की छोटी लेकिन असरदार बौछारें भी देखने को मिल सकती हैं।

दिल्ली में दर्ज हुई सीजन की सबसे गर्म रात

दिल्ली में रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। आज सुबह न्यूनतम तापमान 32.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। यह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही। इससे पहले 21 मई को सफदरजंग केंद्र ने 31.9°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया था, जो इस सीजन की पहली गर्म रात थी। लगातार बढ़ते न्यूनतम तापमान के कारण लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। हालांकि राहत की खबर यह है कि 28 मई से दिन के तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। इसके साथ ही दिल्ली और एनसीआर में हीटवेव जैसी परिस्थितियाँ कमजोर पड़ेंगी और मई के बाकी दिनों में मौसम बेहतर बने रहने की संभावना है।

Advertisement

author image
AVM GP Sharma
President of Meteorology & Climate Change
AVM Sharma, President of Meteorology & Climate Change at Skymet Weather Services, is a retired Indian Air Force officer who previously led the Meteorological Branch at Air Headquarters in New Delhi. With over a decade of experience at Skymet, he brings a wealth of knowledge and expertise to the organization.
FAQ

28 मई से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है और बारिश व आंधी के कारण राहत मिलेगी।

हाँ, 27 मई की शाम से गरज-चमक और 28 से 31 मई के बीच बारिश की संभावना है।

आयानगर और रिज इलाके सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 44.6°C दर्ज किया गया।

डिस्क्लेमर: डिस्कलेमर- यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है