पुणे में भीषण गर्मी जैसे हालात, देश में सबसे अधिक तापमान हुआ दर्ज

By: Skymet team | Edited By:
Mar 4, 2025, 3:45 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

पुणे में हीटवेव जैसी स्थिति

महाराष्ट्र के पश्चिमी भाग में स्थित पुणे शहर में बसंत ऋतु के साथ गर्मी भी तेजी से बढ़ रही है। शहर के लोहेगांव हवाई अड्डे पर अधिकतम तापमान 39.6°C दर्ज किया गया, जो हीट वेव (लू) के स्तर 40°C के बेहद करीब है। यह तापमान पूरे भारत में सबसे अधिक रहा और रायलसीमा क्षेत्र के कुरनूल में दर्ज किए गए 39.5°C तापमान के काफी नजदीक था। इस सीजन में यह पुणे का अब तक का सबसे अधिक तापमान है, जो सामान्य से 5.2°C ज्यादा था। पुणे के कोरेगांव इलाके में भी 39.2°C तापमान दर्ज किया गया, जो औसत से 7.2°C अधिक था। हालांकि, उत्तर भारत में मौसम परिवर्तन के कारण यह उच्च तापमान ज्यादा समय तक नहीं बना रहेगा।

मार्च से मई तक रहती है भीषण गर्मी

पुणे में मार्च के महीने से गर्मी का प्रभाव बढ़ने लगता है। अप्रैल और मई की शुरुआत में शहर में तापमान अक्सर 40°C से ऊपर चला जाता है। इस साल फरवरी शुष्क और गर्म रहा है और पूर्वानुमान के अनुसार मार्च भी औसत से अधिक गर्म रहने वाला है। अधिक तापमान के कारण हीटवेव (लू) के दिन बढ़ सकते हैं और शहर में शुष्क मौसम की स्थिति और भी ज्यादा हो सकती है।

Advertisement

Advertisement

उत्तर भारत में मौसम परिवर्तन का असर पुणे पर भी पड़ेगा

इस सप्ताह उत्तर भारत में मौसम प्रणाली में बदलाव देखने को मिलेगा। सक्रिय मौसमी सिस्टम के प्रभाव के बाद हवा के दबाव में बदलाव होगा, जिससे सतह और निचले स्तरों पर तेज़ हवाएं चलेंगी। इसका प्रभाव उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और कोकण क्षेत्र तक भी पहुंचेगा। भूमि से चलने वाली इन तेज़ हवाओं के कारण गर्मी कुछ हद तक कम होगी और अगले तीन दिनों तक तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

8-9 मार्च से फिर बढ़ेगा तापमान

8-9 मार्च के आसपास एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा, जिससे हवा की दिशा में फिर से बदलाव आएगा और निचले स्तरों पर हलचल बढ़ जाएगी। इसका असर यह होगा कि अगले तीन दिनों तक तापमान में जो गिरावट होगी, वह 8 मार्च के बाद फिर से बढ़ने लगेगा। यानी पुणे के निवासियों को कुछ दिनों की राहत के बाद फिर से तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: डिस्कलेमर- यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है