दिल्ली में शुष्क और गर्म फरवरी, क्या महीने के अंत में बदल सकता है मौसम?

By: Skymet team | Edited By:
Feb 21, 2025, 1:58 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में बढ़ती गर्मी

फरवरी 2025 दिल्ली के सबसे गर्म और शुष्क महीनों में शामिल हो सकता है। आमतौर पर यह सर्दी का सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना होता है, जिसमें औसतन 21.5 मिमी बारिश होती है। लेकिन इस बार फरवरी में अब तक केवल 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि महीने के अंत में कुछ बारिश हो सकती है, लेकिन बारिश के सामान्य स्तर तक पहुंचना मुश्किल रहेगा। तापमान भी इस महीने अब तक सामान्य से अधिक रहा है और आगे भी यही ट्रेंड जारी रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में पारा सामान्य से करीब 3°C अधिक बना रहेगा।

पिछले वर्षों में भी सूखा रहा है फरवरी: यह पहली बार नहीं है जब फरवरी सूखी रही हो। पिछले 10 वर्षों में दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में 2017, 2018 और 2023 में बिल्कुल भी बारिश दर्ज नहीं हुई थी। हालांकि, 2013 में भारी बारिश हुई थी और कुल 103.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई थी। दिल्ली में फरवरी में अब तक की सबसे अधिक बारिश 1915 में हुई थी, जब कुल 153.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

हल्की बारिश और तापमान में गिरावट: दिल्ली में हाल ही में कल 20 फरवरी को तड़के हल्की बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम साफ हो गया है। इस मौसम प्रणाली के असर से हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे न्यूनतम तापमान लगभग 3°C गिर गया। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 12.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य के करीब था। अगले तीन दिनों में सुबह का तापमान 10°C से 11°C तक गिर सकता है, लेकिन महीने के अंतिम दिनों में तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है।

दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा: अब तक दिन के तापमान सामान्य से अधिक रहा है। 1 से 21 फरवरी के बीच औसत अधिकतम तापमान लगभग 26°C रहने की संभावना है, जो सामान्य से 2°C ज्यादा है। महीने के शेष दिनों में अधिकतम तापमान अधिक बढ़ कर 28°C तक पहुंच सकता है।

Advertisement

महीने के अंत में फिर बदलेगा मौसम: 25 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों पर पहुंचेगा। इसके प्रभाव से 27 और 28 फरवरी को दिल्ली में भी मौसम बदलेगा। इन दिनों आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में एक बार फिर हल्का बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन फरवरी की समाप्ति सामान्य से गर्म और सूखे मौसम के साथ ही होने की संभावना है।

Advertisement
author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है