[Hindi] पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में होने वाली है भारी बारिश; हेलस्टॉर्म का अलर्ट, फसलों को हो सकता है नुकसान

March 3, 2020 6:12 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। प्री-मॉनसून सीज़न की अच्छी शुरुआत बारिश के संदर्भ में हो सकती है। देश में प्री-मॉनसून सीज़न 1 मार्च से आरंभ होता है और 31 मई तक चलता है। उत्तर भारत में इससे पहले फरवरी के आखिर में भी अच्छी बारिश हुई थी। 1 और 2 मार्च को भी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई थी।

अब मौसम में बड़ी हलचल की संभावना बन रही है। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में कल रात से अपना असर दिखाएगा। उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर के पास जब यह सिस्टम पहुंचेगा उसके बाद एक मौसमी सिस्टम राजस्थान और इससे सटे पाकिस्तान पर विकसित होगा। इन्हीं दोनों सिस्टमों के कारण उत्तर भारत के न सिर्फ पर्वतीय राज्यों में बल्कि मैदानी इलाकों में अच्छी बारिश होगी।

इसे भी पढ़ें: उत्तर भारत में आ रहा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ; जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल, उत्तराखंड और लद्दाख तक होगी भारी बर्फबारी

मैदानी भागों में यह जो स्पैल आ रहा है इसमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा उत्तरी राजस्थान के शहरों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। बारिश के साथ मैदानी राज्यों में ओलावृष्टि होने, बादलों की तेज़ गर्जना होने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

स्काइमेट का अनुमान है कि पंजाब के पश्चिमी भागों और हरियाणा तथा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल यानी 4 मार्च की शाम से मौसम बदलेगा। अधिकांश इलाकों में कल से बादल आ जाएंगे। शाम से इन राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश शुरू हो जाएगी। लेकिन 5 मार्च की सुबह से समूचे पंजाब, पूरे हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी वर्षा और ओलावृष्टि के आसार हैं। इस बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर भी प्रभावित होंगे।

इसे भी पढ़ें: पंजाब का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान (3 मार्च से 9 मार्च 2020), किसानों के लिए फसल सलाह

उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां 7 मार्च तक जारी रहेंगी। हालांकि बारिश पीक पर 5 और 6 मार्च को देखने को मिलेगी। 7 मार्च से मौसमी सिस्टम आगे निकल जाएंगे जिसके कारण बारिश की गतिविधियां 7 से ही कम हो जाएंगी। बारिश के दौरान दिन के तापमान में भारी गिरावट होगी। भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को नुकसान की आशंका है।

Image credit:  The Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

देश भर में मौसम का हाल जानने के लिए देखें वीडियो

 

OTHER LATEST STORIES