Skymet weather

[Hindi] उत्तर भारत में आ रहा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ; जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल, उत्तराखंड और लद्दाख तक होगी भारी बर्फबारी

March 3, 2020 12:14 PM |

उत्तर भारत के पहाड़ों पर बीते दो-तीन दिनों के दौरान मौसम मुख्यतः शांत रहा है। बारिश या बर्फबारी की गतिविधियां छिटपुट जगहों पर ही देखने को इस दौरान मिली हैं। इससे पहले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 28 और 29 फरवरी को आया था, जब पहाड़ों पर कई जगहों पर अच्छी वर्षा और बर्फबारी हुई थी। उसके बाद से पहाड़ों पर मौसमी हलचल काफी कम हुई है।

अब पहाड़ों पर मौसम में सक्रियता बढ़ने वाली है, क्योंकि एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ कैस्पियन सी से निकल चुका है और ईरान तथा अफगानिस्तान का सफर तय करते हुए पाकिस्तान को पार कर उत्तर भारत की ओर आ रहा है। यह सिस्टम काफी सक्रिय है। 4 मार्च की शाम से पहाड़ों पर इसका असर दिखेगा। अनुमान है कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 4 मार्च की रात में बारिश शुरू हो जाएगी। बर्फबारी भी देखने को मिलेगी।

English version: Active Western Disturbance to bring rain and snow for Kashmir, Ladakh, Himachal and Uttarakhand

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां 5 और 6 मार्च को अपने चरम पर होंगी। इस दौरान चारों राज्यों जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा और हिमपात की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी भी हो सकती है।

भारी बारिश और बर्फबारी के कारण हिमस्खलन और भूस्खलन की भी आशंका है। अवलांच की भी आशंका जताई जा रही है जिससे चारों पर्वतीय राज्यों में कई जगहों पर सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। रास्ते बंद हो सकते हैं और आने-जाने वाले पर्यटकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

इन्हीं सिस्टम का प्रभाव गंगा के मैदानी भागों पर भी दिखेगा और 5 से 7 मार्च के बीच गंगा के मैदानी क्षेत्रों में कई जगहों पर बारिश, ओलावृष्टि, तेज हवाएं चलने की संभावना है। 7 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ आगे निकलने लगेगा, जिससे पहाड़ों पर मौसमी गतिविधियां कम हो जाएंगी। हालांकि 8 मार्च तक रुक-रुक कर छिटपुट जगहों पर वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में एक-दो जगहों पर हिमपात का सिलसिला बना रहेगा।

प्री-मॉनसून सीज़न का यह पहला सबसे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। यहाँ तक कि फरवरी में भी ऐसी हलचल पहाड़ों पर नहीं हुई थी जैसी होने की संभावना है। जबकि फरवरी बर्फबारी का पीक सीज़न होता है।

Image credit: The Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

देश भर में मौसम का हाल जानने के लिए देखें वीडियो






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try