[Hindi] पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार तथा झारखंड में बढ़ सकती है मानसून की बारिश

July 31, 2022 2:33 PM | Skymet Weather Team

दक्षिण पश्चिम मानसून पहले 2 महीने समाप्त होने को है परंतु पूर्वी भारत को अभी तक मानसून की अच्छी वर्षा नहीं मिल पाई है। झारखंड सूखे की मार झेल रहे है। पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा झारखंड को सामान्य से 50% कम और बिहार को सामान्य से 40% कम वर्षा मिली है। वर्षा की कमी का असर इन राज्यों की फसलों पर दिखाई दे रहा है। धान की फसल को सबसे अधिक वर्षा तथा पानी की आवश्यकता होती है। परंतु इन राज्यों में कम वर्षा का प्रभाव धान की फसल पर पड़ रहा है। अब अच्छी खबर यह है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार और झारखंड तक वर्षा की गतिविधियां अब बढ़ने वाले हैं।

उत्तर पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा उससे सटे बिहार के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। अगले 4 या 5 दिनों के दौरान इन सभी राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बिहार तथा झारखंड के कुछ जिलों को भारी बारिश भी मिल सकती है। बाकी सभी जिले हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर कुछ देर के लिए तेज बारिश देख सकते हैं। इन राज्यों में अधिक भारी बारिश की संभावना कम है। आमतौर पर यह देखा गया है कि जब भी भारी बारिश की गतिविधियां नेपाल की पहाड़ियों तथा बिहार में होती हैं तो बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है। इस बार बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। 6 या 7 अगस्त से बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में काफी कमी आएगी। परंतु झारखंड में हल्की से मध्यम वर्ग की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

OTHER LATEST STORIES