[Hindi] दिल्ली में दिखने लगा बढ़ती गर्मी का असर; राजधानी में पारा रहेगा 40 के पार

April 18, 2018 12:19 PM|

Heat-wave in Delhiराष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी देश के अन्य भागों की तरह गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से शुष्क मौसम के चलते दिन में ही नहीं बल्कि रात के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि 16 अप्रैल को 40 डिग्री के साथ सीज़न का सबसे गर्म दिन होने के बाद मंगलवार को स्थिति में कुछ सुधार दिखा और तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आंशिक रूप से छाए बादलों और दक्षिण-पूर्वी आर्द्र हवाओं के चलते तापमान में यह कमी आई थी।

इससे पहले 11 अप्रैल तक दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से प्री-मॉनसून वर्षा रिकॉर्ड की जा रही थी जिसके चलते मार्च के आखिर में 40 के करीब पहुँच गया पारा अप्रैल के पहले पखवाड़े में कई दिन 35 से भी नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम, गाज़ियाबाद और फ़रीदाबाद में अब मौसम का रुख बदला है और ग्रीष्म ऋतु का स्थायी रूप दिखाई देने लगा है।

[yuzo_related]

इस बीच दिल्ली-एनसीआर में 18-19 अप्रैल को मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा जबकि 20 अप्रैल को आंशिक बादल छाने, एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना होने और आँधी चलने की संभावना दिखाई दे रही है। इसके चलते उस दौरान तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। हालांकि यह गिरावट तात्कालिक होगी जिससे विशेष और लंबी राहत की उम्मीद नहीं कर सकते।

इस समय राजधानी दिल्ली में पारा सामान्य से 2-3 डिग्री सेलिसयस ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ऊपर 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि पालम में तापमान 40.2 डिग्री के साथ सामान्य रहा। इन स्थितियों में बदलाव की उम्मीद नहीं है बल्कि आने वाले दिनों में क्रमशः तापमान ऊपर ही जाएगा।

Image credit: The South Indian Post

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

author image