Skymet weather

[Hindi] उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में घने कोहरे का प्रकोप | रेल, सड़क, हवाई यातायात पर व्यापक असर

January 24, 2021 11:30 AM |

उत्तर भारत की तरफ से चलने वाली पश्चिमी शुष्क और ठंडी हवाओं की रफ्तार जब मंद पड़ती है तो उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पूर्वोत्तर राज्यों में कोहरा घना होने लगता है। घने कोहरे के लिए हवाओं की रफ्तार में कमी के साथ-साथ तापमान में गिरावट और आसमान का साफ रहना भी आवश्यक होता है।

फिलहाल बीते कई दिनों से उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी भागों, बिहार और पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। वर्तमान मौसमी स्थितियों के अनुसार इन सभी क्षेत्रों में कोहरे में कुछ कमी आएगी। कोहरा कम होने से दिन का तापमान ज्यादातर जगहों पर बढ़ेगा।

बीते दो-तीन दिनों से उत्तर प्रदेश के पूर्वी और मध्य भागों में लखनऊ, कानपुर, सीतापुर, लखीमपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा बस्ती, अयोध्या, संत कबीर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़ तथा आसपास के इलाकों में घना कोहरा छा रहा था जिससे अधिकतम तापमान इन सभी क्षेत्रों में सामान्य से लगभग 2 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा था।

इसी तरह बिहार में भी छपरा, भागलपुर ,फारबिसगंज, गया, मधुबनी, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, राजगीर, सुपौल समेत ज्यादातर जगहों पर दिन का तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है जिसके कारण इन सभी क्षेत्रों में कोल्ड डे कंडीशन बनी हुई है। कोल्ड कंडीशन आमतौर पर तब होती है जब अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे और 16 डिग्री से नीचे चला जाए। इन सभी क्षेत्रों में ज्यादातर इलाके ऐसे थे जहां पर तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा था या 16 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा था। इसी तरह पश्चिम बंगाल में भी घने कोहरे के कारण ज्यादातर जगहों पर तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है जिससे इन भागों में भी सर्दी बनी हुई है।

हालांकि बिहार और उत्तर प्रदेश की तुलना में पश्चिम बंगाल में तापमान बहुत नीचे नहीं है अगर बीते 24 घंटों की तापमान पर नजर डालें तो कोलकाता में सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम 23 डिग्री तापमान रहा। बहरामपुर में सामान्य से 3 डिग्री कम 22 डिग्री, मालदा में सामान्य से 5 डिग्री कम 19.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। श्रीनिकेतन में 2 डिग्री कम 23 डिग्री दर्ज किया गया।

गंगा के मैदानी क्षेत्रों में अब उत्तर पश्चिमी हवाओं की रफ्तार कुछ तेज होने वाली है क्योंकि उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है और पर्वतीय राज्यों में मौसमी हलचल कम हो जाएगी। उत्तर पश्चिमी दिशा से हवाएं उत्तर प्रदेश और बिहार तथा पश्चिम बंगाल पर भी जाएंगी। इन हवाओं के बढ़ने से कोहरा काफी कम हो जाएगा और दिन का तापमान कुछ बढ़ेगा। हालांकि पश्चिमी हवाएं ठंडी होती हैं जिसके चलते तापमान में अचानक बहुत बड़ा बदलाव आएगा ऐसी संभावना फिलहाल नहीं है।

इस बीच आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश और बिहार के तराई वाले जिलों में अगले तीन-चार दिनों तक हवाओं की रफ्तार मंद रहेगी जिसके कारण तराई वाले इलाकों में घना कोहरा बना रहेगा। किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, कुशीनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर और आसपास के इलाकों में घने कोहरे के चलते रफ्तार पर ब्रेक लगती रहेगी।

Image credit: Telegraph India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try