Delhi Rains: वीकेंड पर दिल्ली में हल्की बौछारें, अगले हफ्ते बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
दिल्ली में कल 10 जुलाई की सुबह मध्यम बारिश हुई, इसके बाद मौसम शांत हो गया। पिछले दो दिनों में पालम हवाई अड्डे पर 78 मिमी और सफदरजंग बेस स्टेशन पर 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। राजधानी में जुलाई महीने में अब तक सफदरजंग में कुल 57 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि जुलाई का औसत सामान्य 195.8 मिमी होता है।
जुलाई में सबसे कम अधिकतम तापमान
दिल्ली-एनसीआर में कल आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे दिन का तापमान बढ़ नहीं सका। इस दौरान सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 30.6°C रहा, जो पिछले दिन यानी 9 जुलाई की तुलना में 5°C कम था। जो जुलाई 2025 का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान भी रहा है। लोधी रोड केंद्र पर भी अधिकतम तापमान 30.4°C रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में मूसलधार बारिश का कहर, पूर्वी हिस्सों में बाढ़ का खतरा, जानें किन इलाकों में अलर्ट जारी
मानसूनी ट्रफ की स्थिति
दिल्ली के नजदीक मानसून ट्रफ बना हुआ है। यह ट्रफ पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्र में बने एक चक्रवाती परिसंचरण तथा झारखंड और उससे सटे छत्तीसगढ़ में बने दूसरे परिसंचरण को जोड़ रहा है। झारखंड वाला परिसंचरण पहले पश्चिम बंगाल पर बने निम्न दबाव क्षेत्र का अवशेष है। यह परिसंचरण धीरे-धीरे पश्चिम की ओर मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरफ बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें: मानसून ने छोड़ा कई राज्यों का साथ, बिहार-मराठवाड़ा और रायलसीमा में सूखे जैसे हालात, खेती पर मंडराया खतरा
मानसून ट्रफ सप्ताहांत तक दिल्ली के पास बना रहेगा और 13-14 जुलाई को राजधानी के दक्षिण में खिसक जाएगा। यह 17 जुलाई तक इसी स्थिति में रहेगा, फिर दोबारा उत्तर की ओर लौटेगा। ट्रफ के बार-बार अपनी स्थिति बदलते (आवृत्तिमान/oscillating) रहने के कारण अगले एक सप्ताह तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
दिल्ली का अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज और कल (11-12 जुलाई) बारिश हल्की से मध्यम और छिटपुट रहेगी। वहीं, 13 जुलाई रविवार की रात से बारिश की तीव्रता और फैलाव बढ़ेगा और फिर बारिश लगातार होती रहेगी। यह सिलसिला 17 जुलाई तक चलेगा और इसके बाद बारिश में कमी आएगी। इस दौरान तापमान कम रहेगा और अधिकतर समय 30°C के आसपास बना रहेगा। रात और सुबह के समय मौसम सुहावना और ठंडा महसूस होगा।






