Delhi Weather: दिल्ली में चढ़ सकता है पारा, आज बारिश की उम्मीद कम, हफ्तेभर हो सकती है बूंदाबांदी
7 जुलाई सुबह हुई बारिश के बाद दिल्ली का मौसम काफी हद तक साफ हो गया है। दोपहर के समय अच्छी धूप खिली, जिससे तापमान मिड-30°C के आसपास पहुंच गया। मानसून ट्रफ अभी भी दिल्ली के पास बनी हुई है, जिससे उम्मीद है कि आज हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन, ट्रफ का पश्चिमी सिरा अब थोड़ा उत्तर की ओर खिसक गया है, जिससे यह दिल्ली से कुछ सुरक्षित दूरी पर पहुंच गया है। जिससे आज दिल्ली में बारिश होने की संभावना बहुत कम है। मौसम के साफ रहने के कारण तापमान बढ़ सकता है। बढ़ता तापमान और ज्यादा उमस (ह्यूमिडिटी) मिलकर दोपहर के समय मौसम को चिपचिपा और असहज बना देंगे।
2 साइकलोनिक सर्कुलेशन से ट्रफ की स्थिति फिर से सक्रिय
उत्तर पंजाब और पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्र में निचले स्तर पर एक नया साइकलोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके अलावा, एक और चक्रवातीय परिसंचरण गंगीय पश्चिम बंगाल में बने हुए कम दबाव वाले क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। यह सिस्टम पश्चिम की ओर झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर अगले दो दिनों में बढ़ेगा। इसके साथ ही यह चक्रवातीय प्रणाली छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में बनी रहेगी। इन दोनों परिसंचरणों को जोड़ने वाली ट्रफ रेखा अपने रास्ते में वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें लाएगी। यह सिस्टम लगातार हलचल में रहेगा और दिल्ली के नजदीक बना रहेगा।
यह भी पढ़ें: Kolkata Rains: कोलकाता में सीजन की सबसे जोरदार बारिश, अगले 24 घंटे लगातार बादल बरसने की आसार
11 से 16 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार
दिल्ली में कल यानी 9 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश पड़ सकती हैं, लेकिन यह ‘टच एंड गो’ जैसी स्थिति होगी यानी कहीं-कहीं थोड़ी बारिश तो कहीं बिल्कुल सूखा। परसों(10 जुलाई) की स्थिति थोड़ी बेहतर लग रही है, जब एनसीआर के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। इस समय तक कम दबाव वाला सिस्टम उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश की ओर खिसक जाएगा और ट्रफ रेखा दिल्ली के दक्षिण में आ जाएगी। ट्रफ लाइन का किसी भी स्थान से गुजरना चाहे वह उत्तर हो या दक्षिण बारिश के लिए अनुकूल होता है।
यह भी पढ़ें: झारखंड-छत्तीसगढ़ पर कम दबाव का क्षेत्र, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में 11 से 16 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि, ऐसी कोई तेज या भारी बारिश होने के आसार नहीं दिख रहे है, जो आम लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सके। लगातार होती रहने वाली हल्की बारिश से तापमान नियंत्रित रहेगा और इस दौरान 35°C से नीचे बना रह सकता है।







