मुंबई में मूसलधार बारिश का अलर्ट, वीकेंड पर कहर बनकर बरस सकते हैं बादल, जनजीवन होगा प्रभावित

By: Skymet team | Edited By:
May 21, 2025, 1:40 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

मुंबई और उपनगरों में कल इस मौसम की सबसे भारी बारिश हुई। देर शाम से रात तक लगभग चार घंटे तक शहर में भयंकर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं। इस दौरान एयरपोर्ट वेधशाला सांताक्रूज में 62 मिमी बारिश दर्ज हुई, जिससे मई महीने में बारिश का आंकड़ा तीन अंको यानी 103 मिमी पर पहुंच गया, जबकि मुंबई में इस महीने में सामान्य बारिश 11.3 मिमी होती है। वहीं, कोलाबा में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे महीने भर में कुल बारिश 106 मिमी हो गई। अगले 3-4 दिनों तक मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है।

Advertisement
मुंबई भारी बारिश में गुजरते वाहन

मुंबई भारी बारिश में गुजरते वाहन, फोटो: mid-day

Advertisement

अरब सागर में मौसम प्रणाली सक्रिय

उत्तर तटीय कर्नाटक और गोवा के पास पूर्व-मध्य अरब सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह मौसम प्रणाली जल्द ही निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकती है। यह प्रणाली उत्तर की ओर बढ़ते हुए कल तक डिप्रेशन (गहरे दबाव) का रूप ले सकती है। इसके और अधिक मजबूत होकर उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है, हालांकि इसका केंद्र समुद्र में ही बना रहेगा। लेकिन इसका प्रभाव कोकण तट पर, विशेष रूप से मुंबई में भारी बारिश के रूप में होगा।

आज रात से बारिश होगी अधिक तेज

आज देर शाम और रात को मुंबई में मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। जैसे-जैसे यह सिस्टम(मौसम प्रणाली) और मजबूत होती जाएगी, वैसे ही बारिश की तीव्रता और फैलाव दोनों ही बढ़ते जाएंगे। यह प्रणाली, जो इस साल का पहला ट्रॉपिकल तूफान भी बन सकती है, सौराष्ट्र तट के पास से गुजरते हुए उत्तर-पूर्वी अरब सागर की ओर बढ़ेगी। इस सिस्टम(मौसम प्रणाली) के असर से मुंबई और आसपास के इलाकों में 22 से 24 मई के बीच भारी बारिश देखने को मिलेगी। 23 मई को सबसे ज्यादा बारिश की संभावना है, जो पूरे शहर की सामान्य दिनचर्या को बाधित कर सकती है।

जनजीवन पर प्रभाव और सुरक्षा को लेकर चिंता

मुंबई में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ आने वाली बारिश आम लोगों की सुरक्षा और आवागमन के लिए खतरा बन सकती है। खराब मौसम से रेल, सड़क और हवाई यातायात भी प्रभावित हो सकता है। एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है, जिससे देरी और डायवर्जन की संभावना रहेगी। 24 मई के बाद भी मुंबई में बारिश जारी रह सकती है, लेकिन उसकी तीव्रता में थोड़ी कमी आएगी।

Advertisement

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: डिस्कलेमर- यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है