केरल में जल्द पहुंचेगा दक्षिण-पश्चिम मानसून, लेकिन इन शर्तों के पूरे होने का इंतजार

May 20, 2025, 4:40 PM | Skymet Weather Team
thumbnail image

दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व और दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र से लगे अरब सागर के भूमध्यरेखीय हिस्सों और श्रीलंका के अधिकतर हिस्सों में पहुंच चुका है। अब परिस्थितियाँ अनुकूल हैं कि मानसून आगे बढ़कर दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, दक्षिण-पूर्व अरब सागर, पूरे श्रीलंका, बांग्लादेश के तटीय भागों और उत्तर म्यांमार में फैल जाए।

OLR.PNG

भारत में मानसून की आधिकारिक शुरुआत कब होती है?

मुख्य भूमि भारत में विशेष रूप से केरल में मानसून के आगमन की घोषणा कुछ जरूरी मानकों के पूरे होने के बाद ही होती है और वह भी लगातार दो दिनों तक। 10 मई के बाद अगर मिनिकॉय, अमिनी दिवि, तिरुवनंतपुरम, पुनालुर, कोल्लम, अलाप्पुझा, कोट्टायम, कोच्चि, त्रिशूर, कोझिकोड, थालास्सेरी, कन्नूर, कुडुलु, मैंगलोर इन 14 स्टेशनों में से कम से कम 60% (यानी 9 स्टेशन) लगातार दो दिन तक 2.5 मिमी या उससे अधिक वर्षा दर्ज करें और बाकी सभी शर्तें पूरी हों, तो दूसरे दिन मानसून का आगमन केरल में घोषित किया जा सकता है।

हवा की दिशा और गति

मानसून आने के लिए जरूरी है कि पश्चिमी हवाएं समुद्र तल से 12,000 फीट ऊंचाई तक बनी रहें। इसके साथ ही 5°N से 10°N अक्षांश और 70°E से 80°E देशांतर के बीच 3,000 फीट की ऊंचाई पर हवा की गति 15-20 नॉट (क़रीब 28-37 किमी/घंटा) होनी चाहिए।

आउटगोइंग लॉन्ग वेव रेडिएशन (OLR):

INSAT सैटेलाइट से मिले आंकड़ों के अनुसार, मानसून के लिए OLR का मान 200 वाट/वर्ग मीटर से कम होना चाहिए, खासकर 5°-10°N अक्षांश और 70°-75°E देशांतर के दायरे में।

अब तक क्या स्थिति है?

इन तीन में से बारिश और हवा से जुड़ी शर्तें पूरी हो चुकी हैं, लेकिन OLR का मान अभी थोड़ा अधिक है। इस बीच, कोंकण-गोवा तट के पास पूर्व-मध्य अरब सागर में एक संभावित डिप्रेशन बनने से केरल में अगले तीन दिनों तक बारिश में कमी आएगी।

23 मई से स्थिति अनुकूल होगी

23 मई के बाद केरल में फिर से अच्छी बारिश शुरू होगी और OLR के मान भी नीचे आ सकते हैं। इसलिए, उम्मीद है कि 24 से 26 मई 2025 के बीच मानसून केरल में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर जाएगा। अगर मानसून 24 से 26 मई के बीच आता है, तो यह 2009 के बाद सबसे जल्दी मानसून आगमन होगा।

Similar Articles