दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी ने बढ़ाया तापमान, वीकेंड पर बारिश की संभावना

By: skymet team | Edited By: skymet team
Jul 2, 2025, 1:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली और NCR में कल यानी 1 जुलाई को बहुत हल्की बारिश हुई। लेकिन, दोपहर के समय कुछ देर के लिए बादल छंट गए और धूप निकली, जिससे तापमान बढ़ गया। वहीं, सफदरजंग बेस वेधशाला में मात्र 0.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई और अधिकतम तापमान 35.1°C रहा, जो पिछले दिन से 4.5°C अधिक था। आज पारा बढ़कर लगभग 37°C तक पहुँच सकता है। हालांकि बारिश की संभावना कम है, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

जुलाई में होती है दिल्ली में सबसे ज्यादा बारिश

जुलाई दिल्ली में अगस्त के बाद दूसरा सबसे अधिक बारिश वाला महीना है। आमतौर पर दिल्ली में जुलाई के महीने में सामान्य वर्षा 195.8 मिमी है। पहले, 1971 से 2000 के 30 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार यह औसत 214.2 मिमी था। लेकिन वर्तमान औसत 1991 से 2020 के डेटा पर आधारित है। बता दें, दिल्ली में जुलाई में बारिश सामान्यतः बेहतर होती है। 2018 से 2024 तक लगातार सात वर्षों तक शहर में सामान्य से अधिक बारिश हुई। हाल के वर्षों में सबसे अधिक 507.1 मिमी वर्षा 2021 में हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि उस साल मानसून दिल्ली में 13 जुलाई को देर से आया था। पिछले 15 वर्षों में साल 2010 से दिल्ली में 11 बार सामान्य से अधिक बारिश हुई है। जुलाई में अब तक सबसे अधिक बारिश 632 मिमी 2003 में रिकॉर्ड हुई थी।

मानसून ट्रफ: दिल्ली में मौसमी वर्षा का नियंत्रण कारक

दिल्ली में मानसून की वर्षा मुख्य रूप से मानसून ट्रफ (न्यून दबाव की रेखा) पर निर्भर करती है, जो सामान्यतः गंगानगर से कोलकाता तक जाती है और दिल्ली के नजदीक दक्षिण में बनी रहती है। वर्तमान में यह ट्रफ देश के दोनों छोर पर स्थित दो चक्रवातीय परिसंचरणों को जोड़ रही है। एक परिसंचरण मध्य और दक्षिण राजस्थान पर स्थित है, जबकि दूसरा परिसंचरण झारखंड और छत्तीसगढ़ में बने पुराने निम्न दबाव क्षेत्र का शेष भाग है। जैसे-जैसे पूर्वी परिसंचरण पश्चिम की ओर बढ़ेगा, यह ट्रफ के साथ उत्तर-दक्षिण दिशा में डोलता रहेगा।

दिल्ली में बारिश की संभावना कब बढ़ेगी?

आज और कल (2 व 3 जुलाई) ट्रफ दिल्ली से कुछ दूरी पर बनी रहेगी, इसलिए बारिश की संभावना कम ही रहेगी। अगर होगी भी तो बहुत हल्की छिटपुट और बहुत कम समय के लिए होगी। शुक्रवार (4 जुलाई) से यह ट्रफ उत्तर की ओर खिसकने लगेगी। इसके बाद बादलों बढ़ेंगे और घने होते जाएंगे। शनिवार और रविवार (5-6 जुलाई) को मौसम प्रणाली दिल्ली के अधिक अनुकूल होगी, जिससे अच्छी बारिश की संभावना बनेगी। यह बरसात की गतिविधि अगले सप्ताह की शुरुआत तक भी बनी रह सकती है। 5 से 9 जुलाई के बीच लगातार बादलों और रुक-रुक कर बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है