दिल्ली-NCR में प्री-मानसून का धूलभरी आँधी, तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित, अगले 48 घंटे फिर बरसेंगे बादल

By: AVM GP Sharma | Edited By: Mohini Sharma
Jun 5, 2026, 1:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली-एनसीआर मौसम अपडेट, सांकेतिक फोटो: AI-Generated

मुख्य मौसम बिंदु

  • दिल्ली-एनसीआर में तेज आँधी, गरज-चमक और भारी बारिश दर्ज।
  • खराब मौसम के कारण 13 उड़ानें प्रभावित हुईं, 11 डायवर्ट।
  • पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ के कारण मौसम सक्रिय।
  • अगले सप्ताह तापमान 40°C तक पहुंचने की संभावना।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में कल दोपहर और शाम के समय प्री-मानसून गतिविधियों का जोरदार असर देखने को मिला। इसके बाद देर रात और आज तड़के सुबह भी बारिश और गरज-चमक हुई। इस सीजन में यह पहली तीव्र मौसमीय गतिविधि रही, जिसमें तेज और झोंकेदार हवाएं-गरज के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की घटनाएं शामिल रहीं। खराब मौसम का असर केवल सड़क यातायात तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हवाई सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। दोपहर और शाम के दौरान कुल 13 उड़ानों को लैंडिंग से पहले चक्कर लगाना पड़ा, जिनमें से 11 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया। जिसके कारण उड़ानों के आगमन और प्रस्थान का पूरा शेड्यूल प्रभावित हुआ और इसका असर कई घंटों तक बना रहा। बात दें, आज और कल भी मौसम की ऐसी गतिविधियाँ जारी रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ और कई सिस्टम मिलकर बना रहे हैं अनुकूल परिस्थितियाँ

दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय मौसम के पीछे कई मौसमी प्रणालियाँ एक साथ काम कर रही हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में पहाड़ी क्षेत्रों के ऊपर से गुजर रहा है। इसके अलावा मध्य पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। प्री-मानसून सीजन की सामान्य विशेषता के अनुसार दिल्ली के आसपास कुछ छोटे पैमाने के चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद हैं। वहीं पूर्व-पश्चिम दिशा में फैली एक ट्रफ रेखा दिल्ली के काफी नजदीक बनी हुई है। आने वाले दिनों में इस ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है, जिसके साथ बारिश का क्षेत्र भी उत्तर दिशा में चला जाएगा। अनुमान है कि 7 जून तक यह ट्रफ दिल्ली से दूरी पर पहुंच जाएगी, जिससे बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी।

दिल्ली-एनसीआर में आज और कल बारिश के आसार

वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए हुए हैं, हल्की हवाएं चल रही हैं और तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। आज दिन के दूसरे हिस्से और रात के समय बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कल यानी शनिवार को भी मौसम सक्रिय रहेगा, हालांकि बारिश की तीव्रता और इसका दायरा कुछ कम हो जाएगा। रविवार तक केवल इस मौसमीय गतिविधि का अवशिष्ट प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके बाद सोमवार से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। सप्ताहांत तक दिन का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस (एक डिग्री ऊपर या नीचे) के आसपास बना रहेगा। हालांकि अगले सप्ताह से तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी और पारा एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।

author image
AVM GP Sharma
President of Meteorology & Climate Change
AVM Sharma, President of Meteorology & Climate Change at Skymet Weather Services, is a retired Indian Air Force officer who previously led the Meteorological Branch at Air Headquarters in New Delhi. With over a decade of experience at Skymet, he brings a wealth of knowledge and expertise to the organization.
FAQ

पश्चिमी विक्षोभ, राजस्थान-पाकिस्तान क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण और दिल्ली के पास सक्रिय ट्रफ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है।

हां, आज और कल गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, हालांकि कल इसकी तीव्रता कुछ कम हो सकती है।

रविवार तक मौसम का असर बना रह सकता है, लेकिन सोमवार से मौसम में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है