Rajasthan Weather: राजस्थान में एक हफ्ते तक सुस्त रहेगा मानसून, बारिश के आसार कम

By: Skymet team | Edited By:
Aug 5, 2025, 4:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

राजस्थान में मानसून कमजोर, फोटो: Getty Image

इस मानसून सीजन में राजस्थान में जमकर बारिश हुई। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में सामान्य से कहीं अधिक बारिश हुई है। गौरतलब है, मानसून पूरे राजस्थान में समय से पहले पहुंचा था और उसके बाद लगातार कई मानसूनी सिस्टम यहां सक्रिय रहे। आमतौर पर पश्चिमी राजस्थान में बारिश होती है, लेकिन इस बार यहां जमकर बरसात हुई है।

राजस्थान में मानसून का पैटर्न और मौजूदा स्थिति

मानसून का मौसम जून से सितंबर तक चार महीने का होता है, लेकिन राजस्थान में मानसून 60 दिन से ज्यादा एक्टिव नहीं रहता है। आमतौर पर, मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में आता है और सितंबर की शुरुआत में वापस लौटना शुरू कर देता है। बता दें, पूर्वी राजस्थान में पश्चिमी राजस्थान की तुलना में लगभग दोगुनी बारिश होती है।

1 जून से 4 अगस्त 2025 के बीच पूर्वी राजस्थान में सामान्य वर्षा 333 मिमी और पश्चिमी राजस्थान में 160 मिमी हुई है। इस साल राजस्थान के दोनों ही हिस्सों में 80% से अधिक अतिरिक्त बारिश दर्ज हुई है। अगले एक हफ्ते या उससे ज्यादा समय तक बारिश की गतिविधि धीमी रहेगी। अगर बारिश होती भी है तो बहुत ही हल्की और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों तक ही सीमित रहेगी।

ब्रेक मानसून के कारण बारिश में कमी

फिलहाल ‘ब्रेक मानसून’ की स्थिति बनी हुई है और बारिश सीमित क्षेत्रों तक सिमट गई है। मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा उत्तर दिशा में तराई में खिसक गया है। बता दें, मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा राजस्थान में बारिश लाने के लिए मुख्य भूमिका निभाता है। पिछले तीन दिनों से पूरे राजस्था में मौसम लगभग शुष्क रहा है, कही भी बारिश नहीं हुई है। तापमान बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले तीन दिनों तक भी ऐसी ही स्थिति रहने और बारिश बहुत कम होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तापमान 38°C तक जा सकता है।

8 अगस्त से हल्की बारिश के आसार,

8 अगस्त 2025 को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके पश्चिम की ओर बढ़ने से यह राजस्थान के करीब पहुंचेगा। ट्रफ लाइन भी दक्षिण की ओर खिसकेगी और नमी भरी पूर्वी हवाएं, खासकर पूर्वी राजस्थान में पहुंचेंगी। 9 से 12 अगस्त के बीच राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है। 11 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम तंत्र बन सकता है, जो मजबूत होकर राजस्थान के कई हिस्सों तक पहुंचेगा। अगस्त के दूसरे हिस्से (आखिरी 15 दिन) की शुरुआत में फिर से अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है