Weather Update: प्री-मानसून बारिश से गर्मी में मिलेगी राहत, जानें किन-किन राज्यों में होगी झमाझम बारिश

By: Skymet team | Edited By:
Apr 25, 2025, 7:12 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

देशभर में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लू जैसे हालात बन गए हैं। लेकिन अब राहत की उम्मीद है क्योंकि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियाँ शुरू होने वाली हैं। इससे कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है। गर्मी का सबसे बुरा असर उन लोगों पर पड़ रहा है जिनके पास कूलर, पंखा या छत जैसे साधन नहीं हैं। इसके साथ-साथ बाहर काम करने वाले मजदूरों की सेहत और काम करने की क्षमता पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।

अगले 48 घंटे में मौसम में बदलाव

अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कई इलाकों में आंधी, धूल भरी हवा और हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और हवा की गुणवत्ता कुछ हद तक सुधरेगी। प्री-मानसून गतिविधियाँ सबसे पहले राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और उत्तर प्रदेश में दिखेंगी। यहाँ धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

25-26 अप्रैल का पूर्वानुमान

राजस्थान के जयपुर, अजमेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर और भरतपुर में 25 और 26 अप्रैल को धूल भरी आंधी चल सकती है। हरियाणा के जिंद, रोहतक, चरखी दादरी, मेवात, नूंह, पलवल, फरीदाबाद और झज्जर में 26 अप्रैल को गरज के साथ बारिश की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के आगरा, हाथरस, अलीगढ़, झांसी, महोबा, बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट जैसे शहरों में भी 26 अप्रैल को आँधी और बारिश हो सकती है। इसी के साथ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के जिले ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, जबलपुर, सीधी (म.प्र.) और राजनांदगांव, दुर्ग, रायगढ़, रायपुर, बलौद बाजार (छ.ग.) में भी प्री-मानसून बारिश और आँधी के आसार हैं।

27 अप्रैल से आगे का पूर्वानुमान

27 अप्रैल के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी मौसम में बदलाव आएगा। यहाँ तेज आँधी, बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। हालांकि ये प्री-मानसून गतिविधियाँ गर्मी का स्थायी इलाज नहीं हैं, फिर भी कुछ दिनों के लिए राहत जरूर मिल सकती है। तापमान थोड़ा घटेगा और मौसम कुछ हद तक सुहाना होगा।

क्या करें?

लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजार रखें, खासकर जब आँधी या बारिश की संभावना हो। जब तक मानसून पूरी तरह नहीं आता, तब तक लू से बचे, पानी पिएँ और मौसम की गतिविधियों का ध्यान रखें।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है