Skymet weather

14 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी, मैदानों पर भी छिटपुट वर्षा संभव

January 13, 2016 5:00 PM |


 

जम्मू कश्मीर पर बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है जिसके चलते उत्तर भारत के मैदानी भागों के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। यहां बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी आगे निकल रहा है।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आता दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से पर्वतीय राज्यों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने जबकि मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने के आसार हैं।

पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे राजस्थान तथा गुजरात पर एक नया चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है। अनुमान है कि यह पूर्वी दिशा में आगे बढ़ेगा और ओडिषा पर बने एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मिल जाएगा जिससे मध्य और पूर्वी भारत के भागों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का मौसम बने रहने की संभावना है।

यहां बारिश की शुरुआत मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से होगी। बाद में राजस्थान, ओड़ीशा, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी बारिश की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। इन मौसमी हलचलों के चलते बारिश का प्रसार धीरे-धीरे पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचेगा।

फिलहाल 14 जनवरी को पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा।

कोहरे की बात की जाए तो बृहस्पतिवार को उत्तर भारत तथा पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकांश भागों में कोहरा हल्का होगा। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।

प्रायद्वीपीय भारत में आंषिक बादलों के साथ मौसम शुष्क रहेगा। दक्षिणी राज्यों में अगले हफ्ते बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें तो दिल्ली में सुबह 9°C और दिन में 23°C तापमान रिकॉर्ड किया जा सकता है। कोलकाता में दिन में 27°C तो रात में 15°C तापमान रहेगा।

मुंबई में दिन के तापमान में गिरावट होगी और यह 30°C रिकॉर्ड किया जा सकता है। चेन्नई में अधिकतम 31°C तो न्यूनतम 21°C तापमान दर्ज किया जाएगा।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try