Skymet weather

6 जनवरी का मौसम पूर्वानुमान: कश्मीर व हिमाचल समेत पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, मैदानों में अच्छी वर्षा के आसार

January 5, 2020 7:30 PM |

पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। हालांकि जनवरी में यानी साल 2020 के पहले महीने में अब तक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों का प्रभाव उत्तर भारत के पहाड़ों पर नहीं दिखा है। लेकिन एक सक्रिय डब्लू डी रास्ते में है। यह जम्मू कश्मीर के काफी करीब पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी राजस्थान पर है। इन दोनों सिस्टम के कारण न सिर्फ जम्मू कश्मीर में बल्कि लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी दर्ज की जाएगी।

इससे कुछ इलाकों में सड़कें बंद हो सकती हैं। यातायात अवरुद्ध हो सकता है, बिजली सप्लाई और संचार सेवाएँ भी प्रभावित हो सकती हैं। अगले दो-तीन दिन पहाड़ों पर काफी मुश्किलों का सामना लोगों को करना पड़ सकता है। पर्यटकों के लिए हमारी विशेष सलाह है कि सावधानी बरतें।

मैदानी इलाकों में पंजाब और हरियाणा में भी 6 जनवरी को कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं पर ओले भी गिर सकते हैं। इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट आएगी। राजधानी दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का भी मौसम बदलेगा। हालांकि यहां पर गतिविधियां बहुत ज्यादा नहीं होंगी। लेकिन बादल छाएंगे और कहीं-कहीं पर गरज के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

मध्य भारत में दक्षिणी कोंकण-गोवा क्षेत्र को छोड़कर सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। दक्षिणी कोंकण गोवा में हल्की वर्षा हो सकती है। दूसरी ओर मुंबई, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रायपुर, अहमदाबाद, सूरत और गांधीनगर सहित गुजरात, दक्षिण राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान भी कुछ बढ़ सकता है क्योंकि हवाओं का रुख बदला है।

पूर्वी भारत में पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में हल्के से मध्यम कोहरा छाएगा। न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट आएगी क्योंकि इन भागों में कम से कम अगले 24 घंटों तक उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। यानि सर्दी बनी रहेगी।
अरुणाचल प्रदेश और असम में हल्की वर्षा होने की संभावना है। बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

दक्षिण भारत में इस समय मौसम में बहुत अधिक हलचल नहीं हो रही है। अनुमान है कि तमिलनाडु, केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी तेलंगाना और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में एक-दो जगहों पर थंडर स्टॉर्म के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try