देश के कई हिस्से ठंड की चपेट में, ठंड, कोहरा और बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज, जानें देशभर का मौसम हाल
मुख्य मौसम बिंदु
- उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक ठंड, गलन और कोहरा बना रहेगा
- दिल्ली, यूपी और बिहार में तापमान गिरने से सर्दी बढ़ी
- पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी से पर्यटन को बढ़ावा
- कोहरे के कारण उड़ानें, ट्रेनें और सड़क यातायात प्रभावित
देशभर में सर्दी ने अपना असर और तेज कर दिया है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर भारत में ठंड, गलन और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है। तापमान में लगातार गिरावट और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को अधिक ठिठुरन महसूस होगी।
उत्तर भारत में कोहरा और शीतलहर का असर
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अगले दो दिनों तक घना से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह और देर रात दृश्यता कम रह सकती है। ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है।
दिल्ली में बढ़ी गलन, तापमान में गिरावट
दिल्ली में सोमवार की सुबह ठंड का असर और तेज हो गया। लोगों को गलन भरी सर्दी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में सड़कों के किनारे लोग अलाव तापते नजर आए। हालांकि सुबह के समय घना कोहरा नहीं दिखा, लेकिन लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले कुछ दिनों तक राजधानी में रात और सुबह के समय ठंड का असर बना रह सकता है।
उत्तर प्रदेश स्कूल बंद, हाईवे पर स्पीड लिमिट
उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई जिलों में बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। घने कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की गति सीमित कर दी गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं, लखनऊ में अगले दो दिन मौसम अधिक सर्द बना रह सकता है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की आशंका है। दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बन सकती है। तेज ठंडी हवाएं चलने से सर्दी का असर और बढ़ेगा। बारिश के आसार नहीं हैं।
पटना में ठंड और कोहरे का असर
पटना सहित बिहार के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ेगी। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते रातें ज्यादा सर्द रहेंगी। दिन के समय धूप निकलने से कुछ राहत मिलेगी, अगले दो दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी, पर्यटन को बढ़ावा
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी देखने को मिल रही है। कश्मीर घाटी में सर्दियों के सबसे कठोर दौर की शुरुआत हो चुकी है। मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। मैदानों मे ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं।
देश के अन्य हिस्सों का मौसम पूर्वानुमान
वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहेगा। रात के तापमान में गिरावट से ठंड महसूस होगी, जबकि दिन के समय मौसम साफ रहेगा।राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर राजस्थान में ठंड अधिक महसूस की जाएगी। मुंबई और तटीय इलाकों में मौसम सामान्य बना रहेगा। ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। इस दौरान दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बारिश संभव है, लेकिन कोई बड़ा मौसम सिस्टम सक्रिय नहीं है।
यातायात बुरी तरह प्रभावित, उड़ानें और ट्रेनें लेट
घने कोहरे और बढ़ती ठंड का असर यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिख रहा है। कई हवाई अड्डों से सैकड़ों उड़ानें रद्द या विलंबित हुई हैं,100 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं, सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है अगले कुछ दिन देश के बड़े हिस्से ठंड, कोहरा और बर्फबारी की चपेट में रहेंगे, जबकि बारिश की गतिविधियाँ सीमित इलाकों तक ह रहेंगी। घर से बाहर जानें से पहले और पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर देखें।








