दिल्ली में लू से मिली राहत, हल्की धूल भरी आँधी आने के आसार, जानें पूरा मौसम अपडेट

By: skymet team | Edited By: skymet team
May 13, 2025, 2:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में धूल भरी आँधी के आसार, Getty Images

1 मई 202 को इस महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान 38.6°C दर्ज किया गया था। इसके बाद सबसे ज्यादा तापमान 38.3°C रहा, जो कल 12 मई को सफदरजंग में दर्ज किया गया। अगले 2-3 दिनों में तापमान अधिक बढ़ कर 40°C के पार जा सकता है। बता दें, दिल्ली में साल के इस समय सामान्य तौर पर तापमान करीब 40°C रहता है और यह पूरे महीने तक ऐसे ही बना रहता है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में अब तक का तापमान सामान्य से कम रहा है, लेकिन इस हफ्ते के दौरान तापमान सामान्य के करीब पहुंच सकता है। इस सप्ताह पारा 41°C तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, अगले एक सप्ताह में लू चलने की संभावना नहीं है।

दिल्ली का अधिकतम तापमान रुझान (अनुमानित प्रक्षेपण) – स्काइमेट

दिल्ली का अधिकतम तापमान रुझान (अनुमानित प्रक्षेपण) – स्काइमेट

मई का महीना: दिल्ली में गर्मी का चरम

मई का महीना दिल्ली में सबसे गर्म माना जाता है। आमतौर पर इस समय पारा 43°C से ऊपर पहुंच जाता है, खासकर महीने के मध्य तक। पिछले साल, यानी 30 मई 2024 दिल्ली में बीते 20 सालों का सबसे गर्म दिन रहा, जब तापमान 46.8°C तक पहुंच गया था। इतिहास की बात करें तो अब तक का सबसे गर्म दिन 29 मई 1944 को दर्ज किया गया था, जब पारा 47.2°C तक बढ़ गया था।

मई 2021: एक अलग और ठंडा महीना

जानकारी के लिए बता दें, मई 2021 एक अपवाद साबित हुआ था। साल 2021 के पूरे मई महीने में केवल तीन दिन ऐसे थे जब तापमान 40°C से ऊपर गया था। वहीं, सबसे अधिक तापमान 5 मई 2021 को 41.6°C रहा। बाकी दो दिन 27 मई और 28 मई को क्रमश: 41.2°C और 40.1°C दर्ज किया गया था। इस साल यानी 2025 में भी मई का महीना भी कुछ हद तक 2021 जैसा लग रहा है, क्योंकि अब तक तापमान अपेक्षाकृत कम रहा है।

दिल्ली में मौसम शांत, लेकिन हल्की गरज-चमक संभव

दिल्ली के पास फिलहाल कोई खास मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे कोई बड़ा बदलाव या बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, गर्मी के कारण कुछ स्थानों पर ऊँचे बादल बन सकते हैं, जिससे हल्की-फुल्की गरज-चमक और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। यह स्थिति अगले 4-5 दिनों तक बनी रह सकती है। 16 और 17 मई को आँधी या धूल भरी आँधी की संभावना थोड़ी ज्यादा है।

लू जैसे हालात बन सकते हैं

दिल्ली में इस हफ्ते मध्यम गति से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जो आमतौर पर सूखी होती हैं। इन हवाओं के कारण नमी कम बनी रहेगी, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस हो सकती है। मंगलवार या बुधवार से हवाएं और तापमान मिलकर लू जैसा एहसास करा सकते हैं, हालांकि तकनीकी रूप से लू चलने की संभावना नहीं जताई गई है।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है