दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड पर होगी बारिश, पारा बढ़ने की संभावना, इस दिन से होगा मौसम साफ
मुख्य मौसम बिंदु
- 31 जनवरी देर रात से दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की शुरुआत संभव
- रविवार को रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश के आसार
- बारिश के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना
- 3 फरवरी से मौसम साफ़ होने के संकेत
दिल्ली-एनसीआर में जनवरी का महीना बारिश के साथ समाप्त होने वाला है। शनिवार (31 जनवरी) देर रात या आधी रात के बाद हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है, जबकि रविवार (1 फरवरी) को रुक-रुक कर और ज्यादा बारिश हो सकती है। बीते तीन दिनों में तापमान में तेज़ गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 7.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, आने वाले सप्ताहांत में बारिश की गतिविधियों के साथ रात के तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण से बदलेगा मौसम
आज देर रात पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान और उत्तरी पंजाब के ऊपर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों के कारण मौसमी प्रतिचक्रवात (सीजनल एंटी-साइक्लोन) मध्य राजस्थान से पूर्व की ओर खिसक गया है। इसके चलते दिल्ली, पूर्वोत्तर राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर कन्वर्जेंस ज़ोन बन गया है, जहां अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
कन्वर्जेंस ज़ोन वह क्षेत्र होता है जहाँ अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाएँ आपस में मिलती (Converge) हैं। जब चारों तरफ़ से हवाएँ किसी एक जगह की ओर बहती हैं, तो वहाँ हवा ऊपर की ओर उठने लगती है। ऊपर उठती हवा ठंडी होकर बादल बनाती है और इसी वजह से उस इलाके में बारिश, गरज-चमक या तूफ़ान होने की संभावना बढ़ जाती है।
घने बादल, देर रात बारिश और रविवार को रुक-रुक कर बौछारें
पश्चिमी विक्षोभ से पहले ऊंचे स्तर के बादलों की एक परत दिल्ली और आसपास के इलाकों में छाई रहेगी, जिससे आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। शनिवार 31 जनवरी की शाम के बाद बादल और अधिक घने और नीचे आ जाएंगे। इसके बाद आधी रात या तड़के हल्की बारिश शुरू हो सकती है। रविवार 1फरवरी को हल्की, छिटपुट और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। वहीं, सिस्टम के अवशेष के कारण सोमवार 2 फरवरी की सुबह भी हल्की बारिश संभव है। 3 फरवरी से मौसम के साफ़ होने की संभावना है।
रात का तापमान बढ़ेगा, फरवरी में दर्ज होगी आगे की बारिश
लगातार बादल और बारिश के कुछ दौर के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी और न्यूनतम तापमान फिर से दो अंकों में पहुंच सकता है। हालांकि दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। गौरतलब है कि दिल्ली में इस सीज़न का सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 जनवरी 2026 को 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जनवरी महीने में अब तक दिल्ली में कुल 25 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्य बारिश 19.2 मिमी होती है। शनिवार 31 जनवरी की सुबह 8:30 बजे के बाद होने वाली कोई भी बारिश फरवरी महीने में गिनी जाएगी। फरवरी सर्दियों का सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना होता है, जिसमें औसतन 21.5 मिमी बारिश दर्ज की जाती है।








