Skymet weather

[Hindi] चक्रवात ‘तितली’ का असर बिहार और झारखंड पर भी; लंबे सूखे दौर से मिलेगी राहत

October 10, 2018 4:22 PM |

Rain in Patna Gaya Ranchi_The Telegraph 600

बिहार और झारखंड सहित पूर्वी भारत के राज्यों में लंबे समय से मौसम शुष्क और काफी गर्म बना हुआ था। हालांकि अक्टूबर के पहले हफ्ते में बिहार में छिटपुट हल्की बारिश देखने को मिली है। इस बीच पूर्वी भारत के भागों में मौसम करवट लेने वाला है और जल्द ही बिहार और झारखंड में बारिश देखने को मिलेगी। स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती तूफान ‘तितली’ विकसित हुआ है, जो लगातार उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

चक्रवाती तूफान ‘तितली’ सबसे ज्यादा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तटवर्ती ओड़िशा और गंगीय पश्चिम बंगाल को प्रभावित करेगा। हालांकि पूर्वी भारत के बाकी हिस्सों में भी इसके चलते हल्की से मध्यम वर्षा देखने को मिलेगी। चक्रवाती तूफान तितली अगले 24 घंटों के दौरान बेहद भीषण रूप अख्तियार कर सकता है। इसके प्रभाव से बिहार और झारखंड सहित आसपास के हिस्सों पर भी आज से बादल दिखाई देने लगे हैं। पूर्वी झारखंड और बिहार में आज शाम से हल्की वर्षा की गतिविधियां शुरू हो सकती है।

दोनों राज्यों में 11 और 12 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 10 से 12 अक्टूबर के बीच बिहार और झारखंड के शहरों में बादल बने रहेंगे, तेज हवाएं चलेंगी और बारिश जारी रहेगी। इसके चलते लंबे समय से जारी भीषण रूप से गर्म और शुष्क मौसम के लंबे दौर में एक ब्रेक आएगा।

चक्रवात तितली के चलते रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज, देवघर, दुमका, हज़ारीबाग, गया, नवादा, भागलपुर, पटना और आसपास के भागों सहित ज़्यादातर शहरों में सामान्य से 2 से 5 डिग्री ऊपर चल रहे तापमान में बड़ी गिरावट होगी और लोगों को गर्मी से राहत भी मिलेगी।

चक्रवाती तूफान तितली 12 अक्टूबर से कमजोर होने लगेगा और उत्तर-पूर्वी दिशा में मुड़कर मिजोरम तथा त्रिपुरा की ओर चला जाएगा जिससे फिर से बिहार और झारखंड में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। अनुमान है कि दोनों राज्यों में 13 अक्टूबर से दिन के तापमान में पुनः बढ़ोत्तरी शुरू हो जाएगी।

Image credit: Telegraph

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try