Skymet weather

[Hindi] तूफान महा: लक्षद्वीप में तबाही वाली बारिश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी भारी वर्षा का अलर्ट

October 31, 2019 12:45 PM |

अरब सागर इस साल उग्र हो गया है। यही कारण है कि अरब सागर में साल 2019 का चौथा तूफान विकसित हुआ है। महा नाम का यह तूफान इस समय लक्षद्वीप और इससे सटे भागों पर है। तूफान महा उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में यह भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है क्योंकि समुद्र में स्थितियाँ इसके अनुकूल हैं।

बीते 6 घंटों में चक्रवाती तूफान महा उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है। सुबह तक यह मिनीकॉय से 30 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में जबकि केरल के कोझिकोड से पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 300 किलोमीटर दूर था। ज़ाहिर है इसका सबसे अधिक प्रभाव अगले 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप को ही झेलना होगा। किसी भी समय यह भीषण चक्रवात बन सकता है।

तूफान क्यार भी अरब सागर में है मौजूद

अरब सागर में इससे पहले चक्रवाती तूफान क्यार विकसित हुआ था। 27 अक्टूबर को यह सुपर साइक्लोन की श्रेणी में पहुँच गया था। अब तक इसका लैंडफॉल हुआ भी नहीं है और दक्षिण-पूर्वी अरब सागर पर नया और इस सीज़न का चौथा तूफान विकसित हो गया है। तूफान क्यार अपना रास्ता बदलकर सोमालिआ की तरफ जा रहा है। हालांकि जिस समय यह सोमालिआ के निकट पहुंचेगा उस दौरान इसकी क्षमता तूफान से कम हो सकती है।

तूफान महा भारत के भागों पर भी करेगा तांडव

अगले 12 घंटों में तूफान ‘महा’ लक्षद्वीप पर तांडव करने के बाद अरब सागर के मध्य-पूर्व में पहुँच जाएगा। मध्य पूर्व में पहुंचे के समय यह और प्रभावी होते हुए अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।

तूफान महा लक्षद्वीप से उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ रहा है। इसके चलते केरल, तटीय कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश बढ़ने वाली है। दक्षिणी कोंकण गोवा क्षेत्र में भी बारिश तेज़ हो सकती है। इन भागों में बारिश के साथ तूफानी हवाएँ चलने की संभावना है।

English Version: Cyclone Maha, fourth of the year, forms in Arabian Sea, heavy showers in Lakshadweep, Kerala, Karnataka

इससे पहले बीते 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप में कई जगहों पर भीषण बारिश हुई है। इस दौरान अमीनी दिवी में 203 और मिनीकॉय में 118 मिमी की अत्यंत भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

तूफान ‘महा’ के प्रभाव से केरल और कर्नाटक के तटों के साथ-साथ लक्षद्वीप के तटीय भागों में समुद्र में 10 से 15 फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं। ऐसे में समुद्र में किसी भी तरह की गतिविधियां अगले 24 से 48 घंटों तक बंद रखने की सलाह दी गई है। मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी जारी की गई है।

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try