[Hindi] समय पूर्व ही मिलने लगी गर्मी की आहट, पारा पहुंचा 30 पार

February 25, 2016 2:43 PM|

Warm days in Delhiदिल्लीमें दिन का तापमान बीते कुछ दिनों से उत्तरोत्तर बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के लोगों को 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सुबह और रात में ठंडे मौसम का मज़ा ज़रूर मिल रहा है लेकिन 30 डिग्री तापमान के चलते दिन गर्म हो रहा है। विशेषकर दोपहर के समय तेज़ चमकती धूप के प्रभाव से अभी से अच्छी गर्मी महसूस होने लगी है। इस बार अन्य वर्षों के मुक़ाबले शीत ऋतु की अवधि छोटी रही इससे इस बात का भी अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि दिल्ली सहित देश के अन्य भागों में भी समय से पहले गर्मी शुरू हो सकती है।

दिल्ली के दोनों प्रमुख मौसम केन्द्रों पर 24 फरवरी को दर्ज किया गया तापमान इस ऋतु का सबसे उच्चतम रहा। पालम में 32.2 डिग्री सेल्सियस जबकि सफदरजंग में 30.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था पारा। दिल्ली के साथ-साथ आसपास के शहरों में भी पारा तेज़ी से बढ़ रहा है। गुड़गाँव में 33.1 डिग्री सेल्सियस, नोएडा में 30.1 डिग्री सेल्सियस और जफरपुर में 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

आमतौर पर दिल्ली और आसपास के भागों में फरवरी के शुरुआती 10 दिनों तक अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाता है। माह के अंत तक पारा 26-27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है। जबकि इस बार अधिकतम तापमान पहले ही 30 डिग्री के स्तर को भी पार कर रहा है।

तापमान में यह असामान्य बदलाव यूं तो कम सर्दी पड़ने का ही परिणाम है लेकिन तात्कालिक कारणों की बात करें तो हवाओं में बदलाव के चलते पारा ऊपर जा रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवा में ठंडक होती है जो मौसम में शीतलता बनाए रखती है जबकि दक्षिण-पूर्वी या दक्षिण पश्चिमी हवाओं में आर्द्रता और गर्मी अधिक होती है जिससे पारा बढ़ने लगता है। इस समय दिल्ली और आसपास के भागों में दक्षिण-पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। जिससे पारा ऊपर जा रहा है।

अगले 24 घंटों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। संभावना इस बात के भी है कि बृहस्पतिवार का अधिकतम तापमान एक और रिकॉर्ड कायम कर सकता है। फरवरी के शेष दिनों में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रहेगा और मौसम के भी कुछ इसी तरह रहने की संभावना है। वर्तमान मौसम और बीती सर्दी के रूख को देखकर अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि मार्च में भी तापमान नए रिकॉर्ड बना सकता है।

Image Credit: thehindu

 

 

Similar Articles