Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में जल्द भारी बारिश, कड़ाके की सर्दी से फरवरी में भी नहीं छूटेगा पीछा

January 31, 2021 12:30 PM |

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आमतौर पर जनवरी के महीने में बहुत ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड नहीं की जाती। लेकिन इस बार काफी व्यापक बारिश जनवरी महीने में हुई। पूरे महीने में मात्र एक बार बारिश का मौसम 2 से 5 जनवरी के बीच बना था, जब समूचे उत्तर भारत में मौसम बदला था। राजधानी दिल्ली भी प्रभावित हुई थी और 3-4 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर के तमाम इलाकों में व्यापक वर्षा दर्ज की गई थी। भारी बारिश के कारण ही बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से 121% ऊपर बना हुआ है। जनवरी महीने में आमतौर पर जहां 13.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जाती है वहां 29.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जनवरी की बारिश के बाद अब फरवरी की भी शुरुआत बारिश के साथ होने जा रही है। ठीक 1 महीने बाद यानी फरवरी के आरंभिक दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के तमाम क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने के संकेत मौसम की तरफ से मिलने लगे हैं।

इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में आ रहा है। उम्मीद है कि आज शाम या रात से इसका उत्तर भारत के पहाड़ों पर प्रभाव दिखाई देगा और पर्वतीय क्षेत्र में बारिश होगी। हालांकि यह दिल्ली समेत मैदानी राज्यों के मौसम को प्रभावित नहीं कर पाएगा। इसके ठीक पीछे एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है जो 2 फरवरी को उत्तर भारत में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही एक सशक्त ट्रफ भी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से अरब सागर तक बनेगी। साथ ही मैदानी क्षेत्रों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी विकसित होगा।

एक साथ कई प्रभावी मौसमी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से 3 फरवरी से दिल्ली में मौसम बदलेगा, बादल छाने लगेंगे और संभवतः बारिश की गतिविधियां भी शुरू होंगी। लेकिन बारिश राजधानी के लोगों को 4 और 5 फरवरी को सबसे ज्यादा भिगोएगी। इन दो दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के साथ बादलों की तेज गर्जना, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि होने की घटनाएं भी हो सकती हैं। यानी बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दिल्ली वालों को घर से बाहर निकलते समय बिगड़े हुए मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

बारिश वाले दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान दिल्ली में जरूर बढ़ जाएगा लेकिन बारिश खत्म होने के बाद जब उत्तर से ठंडी हवाएं आएंगी तो एक बार फिर से लोगों को सर्दी काँपने को मजबूर कर देगी। इस बीच 31 जनवरी, 2021 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री कम है।

Image credit: ZeeNews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try