Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में 2008 के बाद जनवरी महीने में सबसे अधिक शीतलहर वाले दिन, अगले दो दिन भी इसी कतार में संभव

January 29, 2021 1:30 PM |

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर आज लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया। कल यानि 28 जनवरी, 2021 को भी न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। आज दिल्ली में सबसे कम तापमान लोधी रोड पर 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली के सफदरजंग में जनवरी महीने का यह 7वां शीतलहर वाला दिन रहा। जब न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे दर्ज किया जाता है तब उसे शीतलहर वाला दिन कहा जाता है। जनवरी में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट 1 जनवरी, 2021 को हुई थी जब पारा 1.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था और यह 2020-21 की सर्दी का सबसे कम तापमान था।

इससे पहले वर्ष 2013 में जनवरी महीने में शीतलहर वाले दिनों की संख्या 6 थी। इस रिकॉर्ड से 2021 आगे निकाल गया है। हालांकि 2008 की जनवरी में शीतलहर वाले दिनों की संख्या से 2021 बराबरी नहीं कर पाएगा क्योंकि 2008 में शीतलहर वाले दिनों की संख्या 10 थी। और अगर अगले दो दिन भी यानि 30 और 31 जनवरी को तापमान 4 डिग्री से कम रहता है तब भी 2021 में शीतलहर वाले दिनों की संख्या 9 होगी।

आमतौर पर शीतलहर की घोषणा तब होती है जब लगातार दो दिन तापमान नीचे रहता है। लेकिन दिल्ली का क्षेत्रफल छोटा है इसीलिए एक दिन भी 4 डिग्री या उससे नीचे तापमान रहने पर शीतलहर की स्थिति मान ली जाती है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर इस समय कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है और पिछले कई दिनों से पहाड़ों से बर्फ की ठंडक उत्तर-पश्चिमी हवाओं के साथ दिल्ली सहित उत्तर-पूर्व-मध्य भारत के राज्यों को प्रभावित कर रही हैं।

वर्तमान मौसमी स्थितियों के आधार पर अनुमान है कि दिल्ली में अगले दो दिन यानि 30 और 31 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री या उससे नीचे रहेगा। हालांकि दिन का तापमान अब क्रमशः ऊपर जाएगा जिससे दिन में जारी कड़ाके की ठंडक से राहत मिलने की संभावना है। 1 फरवरी से पश्चिमी सर्द हवाएँ कमजोर हो जाएंगी तब न्यूनतम तापमान भी बढ़ेगा।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try