[Hindi] दिल्ली की सर्दी: समय से पहले आ धमकी सर्दी, प्रदूषण भी बढ़ने लगा है

October 28, 2020 6:47 PM|

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यूं तो मॉनसून की विदाई से पहले ही बारिश बंद है लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से ही शुरू हो गया है और दिल्ली में 15 अक्टूबर के बाद से ही न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है, जो सामान्य से कम है।

बारिश की बात करें तो दिल्ली को इस बार न सिर्फ मॉनसून ने निराश किया बल्कि मॉनसून की विदाई के बाद होने वाली बारिश भी सामान्य से बहुत पीछे है। अक्टूबर महीने में दिल्ली में औसतन 14.3 मिलीमीटर औसत वर्षा होती है जबकि इस महीने में एक बूंद भी नहीं पड़ी है। यानि शत-प्रतिशत की कमी है। तापमान की बात करें तो दिल्ली का न्यूनतम तापमान अक्टूबर में औसतन 19.1 डिग्री सेल्सियस रहता है। अक्टूबर की शुरुआत में जहां न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है वहीं आखिर तक पहुंचते-पहुंचते यह 16 और 17 डिग्री के करीब पहुंच जाता है।

इस साल राजधानी दिल्ली में 1 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच दर्ज किए गए तापमान का औसत है 18 डिग्री सेल्सियस जो कि औसत 19.1 डिग्री सेल्सियस तापमान से 1 डिग्री कम है। इस दौरान 20 अक्टूबर की सुबह सबसे ज्यादा दर्द रही जब न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 28 अक्टूबर को भी न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अक्टूबर के बाकी बचे दिनों में भी तापमान इसी के आसपास रहेगा जिससे साल 2020 के अक्टूबर महीने में दर्ज किए गए तापमान के औसत में और कमी आने की संभावना है। आने वाले दिनों में पारा 13-14 डिग्री के बीच रहेगा और जल्द ही 12 डिग्री तक भी पहुँच जाएगा।

तापमान में गिरावट के बीच सुबह की सर्दी में वृद्धि भी होगी और सुबह के समय हल्की हवा के साथ कुहासा और धुंध भी छाने लगेगा। इस बदलाव के चलते प्रदूषण पहले से ही बढ़ गया है। दिल्ली और एनसीआर के शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक काफी बढ़ गया है। नवंबर के आगमन पर तापमान में और गिरावट आएगी।

नवंबर के आरंभ में औसत तापमान 16 डिग्री है जबकि महीने के आखिर में न्यूनतम तापमान का औसत है 10 डिग्री सेल्सियस। इस बार हालात ऐसे नज़र आ रहे हैं कि नवंबर के पहले सप्ताह में ही पारा आखिरी सप्ताह के औसत के आसपास पहुँच जाएगा।

Image credit:The Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

Similar Articles