Skymet weather

[Hindi] पूर्वी भारत में घना कोहरा, उत्तर भारत में साफ मौसम के आसार

December 13, 2015 3:51 PM |

fog-airदिल्ली सहित उत्तर भारत के राज्यों में उत्तर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण सोमवार को मौसम साफ रहेगा। कोहरे का प्रभाव कम से कम होगा। अधिकांश जगहों पर हल्का कुहासा तो कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा ही छाने की संभावना है। दिल्ली में दिन में भी ठंडी हवाओं का प्रवाह बना रहेगा। जबकि पूर्वी राज्यों में घना कोहरा बने रहने का अनुमान है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छा सकते हैं जिससे कोहरे में कुछ कमी आएगी।

रविवार की सुबह उत्तर भारत के अधिकांश भागों से कोहरा गायब रहा। कुछ स्थानों पर कुहासा छाया रहा जबकि कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा देखा गया। दिल्ली में रविवार की सुबह तड़के मध्यम कोहरा बना रहा जिससे दृश्यता घटकर 200 मीटर पर आ गई। लेकिन यह कोहरा कुछ ही समय में छंट गया और उड़ानों पर इसका कोई भी असर नहीं पड़ने पाया।

दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में मध्य रात्रि से ही घना कोहरा छाया रहा और सुबह के समय इन भागों में कोहरे का प्रभाव और बढ़ गया। गोरखपुर में दृश्य घटकर शून्य पर आ गई थी जबकि गया में 50 मीटर और पटना में 100 मीटर पर पहुँच गई थी। कोहरे ने बंगलुरु में भी सुबह के समय लोगों को चौंका दिया, यहाँ सुबह दृश्यता कम होकर 100 मीटर से नीचे आ गई थी।

उत्तर भारत के अधिकांश भागों में रविवार की सुबह कोहरा अपेक्षाकृत कम रहने से दृश्यता अच्छी बनी रही जिससे यातायात में किसी किस्म की परेशानी नहीं हुई। गुलाबी नगरी जयपुर में दृश्यता 2000 मीटर रही, अमृतसर और देहारादून में 1500 मीटर, चंडीगढ़ और लखनऊ में 1000 मीटर और आगरा में 800 मीटर से दृश्यता नीचे नहीं आई।

इससे पहले शनिवार को उत्तर भारत के मैदानी भागों में भी घने कोहरे की चादर छाई रही। दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता घटकर शून्य से भी नीचे आ गई थी जिसके चलते लगभग 40 उड़ानों में देरी हुई। लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के अन्य भागों में भी शनिवार की सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। लखनऊ में दृश्यता कम होकर 50 मीटर पर आ गई थी। गंगा के मैदानी वाले अधिकांश राज्यों मसलन पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार में सुबह के समय अत्यधिक घना कोहरा छाया रहा।

Image Credit: news18.com

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try