Skymet weather

[Hindi] मुंबई में थमेगा मूसलाधार मॉनसून वर्षा का दौर, उमस और गर्मी की होगी वापसी

July 6, 2020 11:12 AM |

मॉनसून 2020 का पहला भारी बारिश का दौर मुंबई में अब रुकने वाला है। बीते दो-तीन दिनों में मुंबई ने मूसलाधार मॉनसून वर्षा रिकॉर्ड की है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी मुंबई के मध्य क्षेत्र और उत्तरी भागों में मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई। जबकि मुंबई के दक्षिणी भागों यानी अलीबाग और आसपास के क्षेत्र में बारिश में कमी आई।

बीते 24 घंटों के दौरान मुंबई के सांताक्रूज मौसम केंद्र पर 116 मिलीमीटर की भारी वर्षा हुई। जबकि इसके उत्तर में ठाणे में 213 मिलीमीटर की भीषण बारिश हुई। वहीं मुंबई के दक्षिणी केंद्र कोलाबा में महज़ 12 मिलीमीटर की वर्षा रिकॉर्ड की गई। कोलाबा और अलीबाग समेत दक्षिणी भागों में बारिश में इसी तरह से कमी रहेगी जबकि उत्तरी हिस्सों में रुक-रुक कर वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।

मुंबई और इसके उपनगरों में बारिश का ताज़ा हाल जानने के लिए इस मैप पर क्लिक करें:

https://www.skymetweather.com/flood/?state=MH

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी और पूर्वी अरब सागर पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र महाराष्ट्र के तटीय भागों में बारिश का मुख्य कारण था। यह सिस्टम अब आगे बढ़ते हुए गुजरात के कच्छ क्षेत्र पर पहुंच गया है और प्रभावी होते हुए गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। इस सिस्टम के आगे जाने के बावजूद इसका प्रभाव मुंबई समेत महाराष्ट्र के उत्तरी तटीय भागों पर जारी रहेगा। हम उम्मीद कर रहे हैं कि मुंबई, ठाणे और पालघर में मध्यम से तेज रफ्तार की दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलती रहेंगी।

अगले 24 घंटों तक कम से कम मुंबई और इसके उपनगरीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां बरकरार रहेंगी। हालांकि बारिश की तीव्रता मध्यम रहेगी। मूसलाधार वर्षा की संभावना फिलहाल काफी कम है। 24 घंटों के बाद बारिश में और कमी आने की संभावना है।

7 जुलाई से मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में बारिश कम होने के साथ तापमान में वृद्धि होगी जिसके कारण उमस और गर्मी मुंबई के लोगों का फिर से बुरा हाल कर सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि मुंबई में अगले चार-पांच दिनों तक पूरी तरह से और दिन भर के लिए शुष्क मौसम की संभावना नहीं है। बल्कि रुक-रुक कर बारिश का झोंका आता रहेगा जो गर्मी और उमस की इस परेशानी से लोगों को राहत भी दिलाता रहेगा।

मुंबई समेत महाराष्ट्र के तटीय भागों में मूसलाधार मॉनसून वर्षा का अगला दौर 12 जुलाई से शुरू हो सकता है। वर्तमान मौसम स्थितियों को देखते हुए हम यह कह सकते हैं कि पश्चिमी तटीय महाराष्ट्र के क्षेत्रों यानि मुंबई, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी और रायगढ़ में अगले 1 सप्ताह तक बाढ़ वाली बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।

Image credit: DNA India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try