Skymet weather

[Hindi] दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में हल्का गर्म और सुहावना मौसम जारी रहेगा

December 28, 2015 5:17 PM |

red-fort

दिल्ली सहित उत्तर पश्चिम भारत के भागों में पिछले सप्ताह के मुक़ाबले ठंड कम हो गई है। जहां सुबह और रात के समय सर्दी कम पड़ रही है वहीं दिन में खिली धूप के बीच हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। जैसा कि स्काइमेट ने अनुमान लगाया था उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश भागों, खासतौर पर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इन भागों में पारा सामान्य से 2 से 5 डिग्री अधिक चल रहा है।

दिल्ली में रविवार को दिन का तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। रात के तापमान में भी व्यापक बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के दक्षिणी भागों पर हवाओं में एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी भागों के हवा के रूख में बदलाव आ गया है। इन भागों में इस समय हवाएँ उत्तर-पश्चिमी की बजाए पश्चिमी दिशा से चल रही हैं।

स्काइमेट के अनुसार इन भागों में अगले 48 घंटों तक पश्चिमी हवाएँ जारी रहने की संभावना है। जिसके चलते दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी भागों में अगले 2-3 दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर ही बना रहेगा। इस दौरान इन भागों में सुबह कोहरा मुक्त होगी। दिन में भी मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। खिली धूप के प्रभाव से दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है।

अगले 2-3 दिनों के पश्चात हवा के रूख में फिर से बदलाव होगा। हवा जब बदलकर उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलना शुरू करेगी तब तापमान में एक बार फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और सर्दी में कुछ बढ़ोत्तरी होगी।

Image Credit: tours.buddhist-temples.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try