Skymet weather

[Hindi] महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019: बारिश, 21 अक्टूबर को होने वाले मतदान में बन सकती है बाधा

October 20, 2019 8:07 PM |

महाराष्ट्र में सोमवार को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सभी तैयारियां भले ही हो चुकी हैं, लेकिन मौसम इसमें बाधा डालने वाला है। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के साथ सतारा लोकसभा सीट के लिए भी कल ही मतदान होगा। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र राज्य में लगभग 9 करोड़ मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।

महाराष्ट्र राज्य में कुल 288 विधानसभा सीटों में से 53 सीटें आरक्षित हैं। इस चुनाव में तीन हजार 237 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 235 महिलाएं हैं। मतदान के लिए राज्यभर में 96 हजार 661 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। मराठवाड़ा क्षेत्र में नांदेड़ दक्षिण क्षेत्र पर सबसे अधिक 38 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। और संभवतः यही वो इलाका होगा जहां कल, 21 अक्टूबर को सबसे ज़्यादा बारिश भी होने वाली है।

महाराष्ट्र राज्य में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। जिस मौसमी सिस्टम के कारण बारिश हो रही है वह अभी भी अरब सागर के ऊपर सक्रिय है। अगले 12 घंटों में यह गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र बन जाएगा जिससे महाराष्ट्र के कोंकण-गोवा क्षेत्र से लेकर मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा और विदर्भ क्षेत्र तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

देश भर के मौसम का पूर्वानुमान जानने के लिए देखें वीडियो:

अधिक वर्षा के आसार राज्य के दक्षिणी भागों हैं। इसमें दक्षिणी कोंकण से लेकर, दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र के शहर अधिक प्रभावित हो सकते हैं। इसमें सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, रत्नागिरी, सागली, सतारा, शोलापुर, लातूर, नांदेड़, हिंगोली, बीड़, पुणे, रायगढ़ और अहमदनगर तथा आसपास के जिलों में तेज़ बारिश मतदान में व्यवधान डाल सकती है।

मुंबई, ठाणे, नाशिक, नागपुर सहित उत्तरी कोंकण क्षेत्र, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ क्षेत्र में बारिश में कमी आएगी। हालांकि पूरी तरह से मौसम साफ नहीं हो जाएगा बल्कि एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बरकरार रहेगी।

स्काइमेट की महाराष्ट्र राज्य के मतदाताओं से अपील है कि मौसम की चुनौती को बाधा ना बनने दें। अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग देश के एक जिम्मेदार नागरिक होने का अपना दायित्व पूरा करें।

Image credit: IndiaTV

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try