Skymet weather

[Hindi] दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 2020: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जारी किया मॉनसून का अनुमान, 100% के साथ सामान्य मॉनसून की जताई संभावना

April 15, 2020 2:32 PM |
Southwest Monsoon 2020

भारतीय मौसम विभाग, आईएमडी ने आज 15 अप्रैल, 2020 को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून-2020 का पूर्वानुमान जारी किया। मौसम विभाग ने दीर्घावधि औसत (Long Period Average) की तुलना में 100% मॉनसून वर्षा की संभावना जताई है। इसमें 5% का एरर मार्जिन भी रखा है। यानि स्थितियाँ अनुकूल या विपरीत होने पर बारिश LPA की 95% या 105% हो सकती है।

गौरतलब है कि जून से सितंबर के बीच चार माह महीनों के मॉनसून सीजन में भारत में औसतन 887 मिलीमीटर बारिश होती है, जो पूरे वर्ष में होने वाली बारिश की 70% बारिश है।  

अल नीनो और आईओडी हैं तटस्थ

अपने पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने कहा है कि प्रशांत महासागर में अल नीनो सदर्न ओषिलेशन यानी ENSO तटस्थ स्थिति में है। दूसरी ओर हिंद महासागर क्षेत्र पर इंडियन ओषन डायपोल भी तटस्थ है। मौसम विभाग के अनुसार कई मौसमी मॉडल यह संकेत कर रहे हैं कि जिस समय मॉनसून का आगमन होगा उस समय भी यही स्थितियां बनी रह सकती हैं। हालांकि जलवायु का अध्ययन करने वाले कुछ वैश्विक मॉडल यह संकेत दे रहे हैं कि मॉनसून के मध्य से प्रशांत महासागर में कमजोर ला नीना की स्थिति विकसित हो सकती है।

जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार 90% से कम वर्षा की संभाव्यता महज़ 9% है। 90-96% बारिश की संभाव्यता 20% है, 96-104% बारिश की संभाव्यता 41% है। 104-110% बारिश की संभाव्यता 21% है। जबकि 110% से भी ज़्यादा बारिश की संभाव्यता महज़ 9% है।

यानि सबसे अधिक संभव्यता की श्रेणी 96 से 104 के बीच 41% है। इसी आधार पर मौसम विभाग का अनुमान है कि मॉनसून 2020 सामान्य रहेगा।

अगला पूर्वानुमान मई के आखिर या जून के पहले हफ्ते आएगा

भारतीय मौसम विभाग मई के आखिरी या जून के पहले सप्ताह में मॉनसून 2020 का दूसरा पूर्वानुमान जारी करेगा। उसी दौरान विभाग जुलाई और अगस्त महीनों के लिए बारिश का अनुमान भी जारी करेगा। साथ ही देश के चारों प्रमुख क्षेत्रों यानी उत्तर-मध्य-दक्षिण और पूर्वी तथा पूर्वोत्तर क्षेत्रों के लिए जून से सितंबर के मध्य बारिश के वितरण का अनुमान जारी किया जाएगा।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try