Skymet weather

[Hindi] मॉनसून 2020: अब तक कहां पहुंचा और किन क्षेत्रों में कब है मॉनसून के आगमन की संभावना

June 12, 2020 4:05 PM |

वर्ष 2020 में मॉनसून के सामान्य रहने की संभावना है और 1 जून से लेकर 12 जून तक का मॉनसून का सफर अगर देखें तो यह तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है। इस समय जहां पूरी दुनिया समेत भारत भी कोरोना की महामारी का संकट झेल रहा है, ऐसे में मॉनसून का सामान्य रहना और मॉनसून का सामान्य रफ्तार से आगे बढ़ना देश के लिए एक सकारात्मक और राहत भरी खबर है।

मॉनसून ने लगाई लंबी छलांग

12 जून को भी मॉनसून ने अच्छी प्रगति की और यह मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में आगे बढ़ा है। तेलंगाना के सभी हिस्सों को मॉनसून ने कवर कर लिया है। विदर्भ में भी मॉनसून पहुँच और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में प्रगति करते हुए ओडिशा के अधिकांश हिस्सों को पार कर लिया है। पश्चिम बंगाल में भी आज ही मॉनसून ने दस्तक दी है। कोलकाता में भी मॉनसून का आगमन हो चुका है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भी मॉनसून ने प्रगति की है। सिक्किम के सभी भागों में मॉनसूनी फुहारें शुरू हो गई हैं।

इससे पहले 11 जून को भी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून में अच्छी प्रगति देखने को मिली थी और यह महाराष्ट्र में प्रवेश कर गया था। साथ ही इसी दिन दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा में भी मॉनसून ने दस्तक दी और पूर्वोत्तर भारत में भी काफी आगे बढ़ गया था।

खरीफ खेती के लिए अच्छी खबर

देश के कई कृषि प्रधान राज्यों में मॉनसून के आगमन के साथ खेती का काम आगे बढ़ेगा। महाराष्ट्र के मराठवाडा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र क्षेत्र के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में किसानों को खेती का काम आगे बढ़ाने में आसानी होगी।

मॉनसून का इंतज़ार अब होगा मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में। इन सभी क्षेत्रों में मॉनसून का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जिस तरह से अब तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 2020 की रफ्तार रही है उससे हम उम्मीद कर रहे हैं कि इन भागों में भी जल्द ही मॉनसून का आगमन होगा।  

मॉनसून अगर सामान्य गति से आगे बढ़ता है और उसका प्रदर्शन सामान्य रहता है तो धान समेत खरीफ फसलों की बुआई और उनका प्रबंधन आसान हो जाता है और सामान्य से अधिक बुआई होने की संभावना रहती है। साथ ही उत्पादन भी बम्पर होने के आसार बढ़ जाते हैं।

वर्तमान मौसमी परिदृश्य संकेत कर रहा है कि अगले 24 से 48 घंटों में मॉनसून महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों में भी पहुँच जाएगा। ओडिशा में प्रगति होगी और बिहार तथा झारखंड के पूर्वी क्षेत्रों में भी मॉनसून का आगमन हो जाएगा।

कोलकाता पहुंचा मॉनसून, मुंबई में इंतज़ार

10 से 15 जून का समय काफी अहम होता है जब मॉनसून देश के मध्य और पूर्वी भागों में कई इलाकों में पहुँच जाता है। मुंबई और कोलकाता में 11 जून को ही मॉनसून के आगमन की सामान्य तारीख है। कोलकाता में आज मॉनसून ने दस्तक दे दिया अब मुंबई को इंतज़ार है। अनुमान है कि रांची, भागलपुर और दरभंगा में सामान्य समय पर आ जाएगा। सामान्य वर्षा भी मॉनसून के साथ शुरू हो जाएगी।

बिहार को पार करने के बाद 15 जून के बाद मॉनसून का इंतजार पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुरू होगा, जहां प्रयागराज, वाराणसी, बलिया, गोरखपुर, आजमगढ़, बहराइच, बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में मॉनसून कभी भी दस्तक दे सकता है। इसी दौरान मध्य प्रदेश के भी दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मॉनसून के आगमन का अनुमान है।

Image Credit: NDTV

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try