Skymet weather

[Hindi] पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ नव वर्ष का अभिनंदन

December 28, 2016 4:12 PM |

Shimla Snowfall क्रिसमस पर अगर आप उत्तर भारत की पहाड़ी वादियों में बर्फबारी का लुत्फ लेने से चूक गए हैं तो परेशान ना हों बल्कि तैयारी कीजिए नए साल का जश्न खूबसूरत वादियों में बर्फबारी के साथ मनाने की। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में नए साल की पूर्व संध्या पर बर्फबारी होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आ रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से पर्वतीय राज्यों में 31 दिसम्बर और 1 जनवरी को अच्छी वर्षा होने और बर्फ पड़ने की संभावना है।

इस दौरान प्रकृतिक सौन्दर्य के लिए मशहूर श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग, मनाली, लाहौल स्पीति और शिमला में हिमपात होने की संभावना है। इस समय भी जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। हालांकि यह सिस्टम कमजोर है जिससे राज्य के ऊंचे पर्वतीय स्थानों को छोड़कर शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों पर एक-दो जगह वर्षा या बर्फबारी हो सकती है।

इससे पहले 25 दिसम्बर को एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब पहुँचा था जिसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई थी। इस दौरान शिमला में क्रिसमस पर पहुंचे पर्यटक भी भाग्यशाली रहे क्योंकि शिमला में क्रिसमस के दिन अच्छी बर्फबारी 24 वर्षों के बाद देखने को मिली है। हालांकि इसके बावजूद पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी का इस वर्ष अभी भी इंतज़ार बना हुआ है।

पहाड़ों पर अभी भी अच्छी बर्फबारी ना होने से उत्तर भारत को कड़ाके की ठंड का भी इंतज़ार बना हुआ है। हालांकि 25 दिसम्बर को पर्वतीय राज्यों में हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के इलाकों में कड़ाके की ठंड का एक छोटा सा दौर देखने को मिला। दिल्ली में भी इस दौरान दिन में इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।

आने वाला पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी प्रतीत हो रहा है। संभावना है कि इसके चलते मध्य पाकिस्तान और उससे सटे हरियाणा में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी विकसित हो सकता है, जो उत्तरी पंजाब और हरियाणा में भी कुछ स्थानों पर वर्षा दे सकता है। पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी और मैदानी राज्यों में कुछ स्थानों पर वर्षा के चलते उम्मीद है कि उत्तर भारत नए वर्ष का स्वागत कड़ाके की ठंड के साथ करेगा। कोहरे का भी प्रभाव बढ़ने की संभावना है।

Image credit: Himachalwatcher.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try