Skymet weather

[Hindi] जतिन सिंह, एमडी स्काइमेट: पूरे भारत में दिखेगा तापमान में उतार-चढ़ाव, वैलेनटाइन वीक में देश के हर एक शहर में होगा शुष्क मौसम

February 8, 2021 6:44 PM |

दक्षिण भारत के भागों में आगामी दो हफ्तों में गर्मी का मौसम शुरू हो जाएगा जबकि उत्तर के राज्यों में सुबह और रात के समय सर्दी इस दौरान जारी रहेगी। हालांकि उत्तर भारत में शीतलहर बीते दिनों की बात हो जाएगी। आने वाले दिनों में मौसम सुखद रूप से गर्म होने जा रहा है। हालांकि, बीच-बीच में रुक-रुक कर पहाड़ों पर बर्फबारी होती रहेगी जो सर्दी का झोंका उत्तरी राज्यों के लिए लाती रहेगी।

इस बीच कोविड-19 महामारी के बाद से बिगड़ी अर्थव्यवस्था की स्थिति को एक हद तक उबारा जा सका है और इसमें कृषि क्षेत्र का प्रमुखता से योगदान रहा है। लेकिन यह भ्रम नहीं पाला जा सकता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार में अकेले कृषि की भूमिका सबसे बड़ी है। निस्संदेह रूप से पिछले दो सीजन; रबी 19-20, खरीफ 2020 और रबी 20-21 पिछले सीजन की तुलना में उत्पादन का रिकॉर्ड बना। कोविड-19 के चलते खेती की लागत में बढ़ोत्तरी हुई है इसलिए कृषि उत्पादों की कीमतों में भी वृद्धि दर्ज की गई है।

फिलहाल यह सप्ताह पिछले सप्ताह की तुलना में सूखा बीतने वाला है। सम्पूर्ण भारत में मौसम की प्रमुख हेडलाइंस होगी दिन और रात के तापमान में गिरावट या बढ़ोत्तरी। देश के लगभग सभी भागों में पूरे सप्ताह मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहेगा।

उत्तर भारत

इस सप्ताह के दौरान उत्तर भारत की तरफ कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आने वाला है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ों को 8 और 9 फरवरी को प्रभावित कर सकता है जिसके चलते जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में इस सप्ताह पूरी तरह से साफ मौसम की संभावना है। इस क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही रहने की संभावना है। यानि कड़ाके की सर्दी वाले दिनों की वापसी अब नहीं होने वाली। कोहरे और धुंध की संभावना भी सीमित क्षेत्रों में है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 9 और 10 फरवरी को हल्के बादल दिख सकते हैं लेकिन इन बादलों से बारिश की उम्मीद नहीं की जा सकती है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत

समूचा पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्र इस सप्ताह के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि से मुक्त रहेगा। 13 और 14 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश होने के आसार हैं। सप्ताह के मध्य से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में सर्दी बढ़ सकती है क्योंकि ठंडी हवाओं का असर बढ़ जाएगा।

मध्य भारत

मध्य भारत के राज्यों में भी ओड़ीशा से लेकर गुजरात तक किसी प्रकार की कोई मौसमी गतिविधि अपेक्षित नहीं है। इन भागों में अब तक उत्तरी हवाएँ चल रही थीं लेकिन मध्य भारत के करीब बना विपरीत चक्रवाती क्षेत्र इन शुष्क और ठंडी हवाओं के प्रवाह को प्रतिबंधित करेगा जिससे गुजरात और महाराष्ट्र में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। मध्य और दक्षिण गुजरात में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

दक्षिण भारत

दक्षिणी राज्यों में शुष्क मौसम के बीच तापमान में वृद्धि का रुझान रहेगा। तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी तटीय भागों में 13 और 14 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। बाकी सभी राज्यों और शहरों में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में इस सप्ताह दिन में सुहावना मौसम होगा। रात और सुबह के समय सर्दी बनी रहेगी। हालांकि त्यधिक ठंडक की संभावना नहीं है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा और धुंध छाए रहने के आसार हैं। सप्ताह के मध्य तक हल्के बादल दिल्ली-एनसीआर के आसमान पर दिखाई दे सकते हैं। हवा में ठंडक बनी रहेगी और सप्ताह के मध्य से ठंडक कुछ और बढ़ सकती है। 14 फरवरी यानि वैलेंटाइन डे के दिन का मौसम तुलनात्मक रूप से गर्म होगा और धूप खिली रहेगी।

चेन्नई

चेन्नई में इसी सप्ताह मौसम काफी गर्म हो जाएगा और एम ए चिदंबरम स्टेडियम में पहले दो टेस्ट मैचों के दौरान खिलाड़ियों को जमकर पसीना बहाना होगा। शहर में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना न के बराबर है और मौसम गर्म तथा उमस भरे बने रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 और 22 डिग्री सेंटीग्रेड के आसपास रहेगा।

दिल्ली प्रदूषण

दिल्ली प्रदूषण में पिछले कुछ दिनों के दौरान कुछ कमी आई थी। इस समय भी हवा में प्रदूषण के तत्त्व कुछ बढ़े हैं क्योंकि उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली हवाओं की रफ्तार अधिक नहीं है। इसके बावजूद वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम स्तर का है। 11 फरवरी तक पश्चिमी दिशा से शुष्क हवाएँ इसी तरह चलती रहेंगी जिससे प्रदूषण में कमी रहेगी। उसके बाद प्रदूषण बढ़ सकता है।

Image credit: The Lalit

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try