[Hindi] मुम्बई और इसके आस-पास के इलाकों में अगले 48 घंटों तक जारी रहेगी प्री-मॉनसून बारिश

June 3, 2019 10:25 AM | Skymet Weather Team

मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में एक लम्बे अंतराल के बाद गरज के साथ हल्की बारिश हुई है। यह गतिविधियां महाराष्ट्र के तटीय भागों पर बनी हुई एक कमजोर ट्रफ रेखा के कारण हुई हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 48 घंटों तक मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की फुहारें जारी रहने के आसार हैं। हालांकि इसके बाद यहां का मौसम एक बार फिर से पूरी तरह शुष्क होने की संभावना है।

इस वर्ष केरल में मॉनसून की शुरुआत अपने निर्धारित समय यानि 1 जून के बजाय 7 जून से होने का अनुमान है। स्काइमेट का अनुमान है कि मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में होने वाली प्री-मॉनसून गतिविधियों में भी देरी के आसार हैं। जिसके कारण यहां मॉनसून के आने में लगभग एक हफ्ते की देरी हो सकती है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मुंबई में सामान्यतः मई के महीने में प्री-मॉनसून गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। लेकिन इस साल पूर्वोत्तर अरब सागर से सटे गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय भागों पर कोई विशेष मौसमी सिस्टम या ट्रफ रेखा नहीं बनी है। जिसके कारण इस सीज़न के दौरान मुंबई में प्री-मॉनसून बारिश न के बराबर हुई है। इसके कारण यहां मौसम शुष्क बना हुआ था।

Also Read In English: Pre-Monsoon rain in Mumbai and its suburbs to continue for another 48 hours

मुंबई में हो रही बारिश के कारण यहां के लोगों को गर्म मौसम से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश की यह गतिविधियां हल्की होने के कारण तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं दिखेगा। लेकिन दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून की शुरुआत के साथ ही यहां फिर से बारिश प्रभावी होने के आसार हैं।

Image Credit: Youtube

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES