Skymet weather

[Hindi] दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हो रही है बारिश और ओलावृष्टि

March 10, 2017 3:45 PM |

Delhi rainUpdate: 10 March 2017, 15: 55 दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हो रही है बारिश और ओलावृष्टि

दिल्ली के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं और हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है। जनकपुरी, रोहिणी, साकेत सहित दक्षिण और पश्चिम के कई इलाकों में इस समय वर्षा की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। बादलों की गरज के साथ तेज़ हवाएँ भी चल रही हैं। साकेत में ओलावृष्टि भी हो रही है। दिल्ली के दक्षिण में फ़रीदाबाद में भी बारिश हो रही है।

राजधानी के लुटियन्स ज़ोन यानि मध्य भागों, उत्तरी और पूर्वी भागों तथा नोएडा और गाज़ियाबाद में भी घने बादल छाए हुए हैं। इन भागों में गरज के साथ हल्की वर्षा शुरू हो चुकी है। इन भागों में भी मध्यम बारिश और ओलावृष्टि जल्द देखने को मिल सकती है। बारिश के चलते दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या आम है इसलिए 6-7 घंटे दिल्ली के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

Update: 10 March 2017, 14: 15 दिल्ली में बारिश की संभावना, मौसम होगा ठंडा

दिल्ली में मौसमी परिदृश्य बदल गया है। बीते कुछ दिनों से आंशिक बादलों और हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट से मौसम खुशनुमा हो गया है। रात और सुबह के समय विशेष रूप से ठंडक महसूस की जा सकती है। बुधवार और बृहस्पतिवार की सुबह के समय हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। राजधानी दिल्ली में जल्द ही अच्छी बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली में हल्की बारिश हुई है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज राजधानी के लोगों को फिर से बारिश का दीदार हो सकता है। इससे पहले हुई बारिश के आंकड़े अगर देखें तो बृहस्पतिवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली के पालम मौसम केंद्र ने 9.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की। दिल्ली के आसपास के शहरों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। नोएडा में इस दौरान 15.1 मिलीमीटर बारिश, दिल्ली के सफदरजंग में 2.4 जबकि पूसा में 7 मिलीमीटर वर्षा हुई। रोहतक में 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

इस समय उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा तथा आसपास के भागों पर घने बादलों के रूप में दिखाई दे रहा है। यही नहीं इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक बनी हुई है। इन सभी मौसमी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव के चलते दिल्ली और आसपास के शहरों में जल्द ही बारिश होगी।

बादलों का प्रभाव बढ़ने, मध्यम हवाएँ चलने और बारिश होने के बीच राजधानी दिल्ली के दिन और रात के तापमान में और भी गिरावट हो सकती है। तापमान में कमी के साथ सुबह और रात में अच्छी सर्दी बनी रहेगी जबकि दिन में मौसम सुहावना होगा।

Image credit: Pro Kerala

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try