Skymet weather

[Hindi] हरियाणा का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान और फसल सलाह (25 फरवरी से 2 मार्च, 2021)

February 24, 2021 4:11 PM |

आइये जानते हैं हरियाणा में 24 फरवरी से 2 मार्च, 2021 के बीच कैसा रहेगा मौसम का मिजाज और क्या है फसलों से जुड़ी सलाह।

हरियाणा में लगभग 20 दिनों से बारिश नहीं हुई है। इससे पहले राज्य के कई जिलों में 3 और 4 फरवरी बारिश दर्ज की गई थी। बारिश में वैसे तो कमी रही लेकिन यह धीरे-धीरे 1 जनवरी से 23 फरवरी के बीच सामान्य के आसपास है। इस दौरान वर्षा का औसत 27 मिलीमीटर होता है जबकि हरियाणा को 25.9 मिलीमीटर वर्षा प्राप्त हो चुकी है।

इस सप्ताह राज्य में अधिकांश समय के लिए अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क और उम्मीद से कुछ ज़्यादा ही गर्म रहेगा। हालांकि उत्तर भारत के पहाड़ों पर आने वाले पश्चिमी विक्षोभों के कारण 26 और 27 फरवरी को पंचकुला, चंडीगढ़, अंबाला, करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र समेत हरियाणा के तराई वाले जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना बन रही है।

फ़तेहाबाद, सिरसा, सोनीपत, पानीपत, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार और जींद समेत राज्य के बाकी सभी जिलों में मौसम शुष्क ही रहेगा।

इस समय हरियाणा के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान सामान्य से बहुत अधिक बने हुए हैं। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान औसत से 5-7 डिग्री तक ऊपर रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। 27 फरवरी से दिन के तापमान में कुछ गिरावट होने की संभावना है। जबकि इस दौरान रात के तापमान सामान्य से कुछ ऊपर ही बने रहेंगे। 1 मार्च से रात के तापमान में भी 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

हरियाणा के किसानों के लिए इस हफ्ते की एड्वाइज़री....

26 और 27 फरवरी से वर्षा जारी होने के अनुमान को देखते हुए किसानों को सुझाव है कि तैयार हो चुकी फसलों की तुरंत कटाई करके सुरक्षित स्थानों पर रख लें। सिंचाई व छिड़काव अभी स्थगित कर दें।

मौसम साफ हो जाने पर आगामी फसलों के लिए खेतों की तैयारी शुरू कर दें और बुआई भी शुरू की जा सकती है। गन्ने में दीमक तथा कनसुआ की रोकथाम के लिए बिजाई के समय प्रति एकड़ 2.5 लीटर क्लोरोपाइरीफॉस 20 ई.सी. 600 से 1000 लीटर पानी में फव्वारे द्वारा खूड़ों में पोरियों के ऊपर डालें तथा खूड़ों को उपचार के बाद तुरंत सुहागा लगाकर बंद कर दें।

मौसम में हो रहे बदलाव के कारण चने की फसल में फली छेदक सूँडी का प्रकोप हो सकता है, इससे बचाव के लिए 200 मिली मोनोक्रोटोफॉस 36 एस.एल. या 400 मि.ली. क्यूनॉलफॉस 25 ई.सी. को 100 लीटर पानी में मिलाकर छिड़कें।

Image Credit: SpringerLink

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try