Skymet weather

[Hindi] मध्य प्रदेश का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान (22 से 28 जनवरी, 2021), फसल सलाह

January 22, 2021 1:36 PM |

आइए जानते हैं मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा 22 से 28 जनवरी के बीच मौसम। और क्या है मध्य प्रदेश के किसानों के लिए हमारे पास खेती से जुड़ी सलाह।

जनवरी में पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य बारिश हुई। 1 जनवरी से 22 जनवरी के बीच यहां बारिश सामान्य से 3% ऊपर है। दूसरी तरफ पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत ही कम वर्षा हुई है। राज्य के पूर्वी हिस्सों में 95% की कमी है।

इस समय मध्य प्रदेश के दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास है जबकि राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में 26 से 28 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में दिन के तापमान सामान्य से कुछ ऊपर तथा न्यूनतम तापमान सामान्य सामान्य से कुछ नीचे बने हुए हैं।

इस पूरे सप्ताह भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, मंडला, रीवा, सागर, सतना, छतरपुर, ग्वालियर समेत मध्य प्रदेश में सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहने केस आसार हैं। 24 और 25 जनवरी से दिन व रात के तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना है। अनुमान है कि 24 जनवरी से मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में उत्तर पूर्वी दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी जिससे तापमान में गिरावट संभव है। दिन में धूप खिलेगी तथा दिन आरामदायक बना रहेगा लेकिन रात के समय की सर्दी बरकरार रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए फसल सलाह

आम में मिली बग कीट के शिशु अंडो से निकलकर ज़मीन से पौधों पर चढ़ते दिखें तो, रोकथाम के लिए ग्रीस लगी या अल्काथीन की 1 फुट चौड़ी पट्टी ज़मीन से आधा मीटर ऊंचाई पर पौधों के तने पर अच्छी तरह लपेट दें तथा पौधों के चारों ओर गुड़ाई कर क्लोरपाइरीफॉस 20 ईसी 1.5 लीटर, 600 लीटर पानी की दर से मिलकर छिड़काव करें।

मटर, सरसों, धनिया, मिर्च, मेथी एवं कद्दूवर्गीय सब्जियों में भभूतिया रोग (पाउडरी मिलड्यू) के प्रकोप में वृद्धि की आशंका है। रोग की रोकथाम हेतु हेक्साकोनाजोल या डीनोकेप 1 मिली प्रति लीटर पानी में मिलाकर आवश्यकतानुसार 10-15 दिन के अंतराल दो-तीन छिड़काव कर सकते हैं।

नींबू-वर्गीय फलों में केंकर रोग यदि लगा हो और यह बढ़ रहा हो तो उसके नियंत्रण के लिए कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 3 ग्राम या 1% बोर्डो मिक्सचर 2 मिली प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें।

Image credit: Granthshala

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweathercom अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try