Skymet weather

[Hindi] पंजाब का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान और किसानों के लिए फसल सलाह (19 से 25 जनवरी, 2021)

January 19, 2021 4:03 PM |

पंजाब में 19 से 25 जनवरी, 2021 के बीच कैसा रहेगा मौसम का हाल। और क्या है पंजाब के लिए फसलों से जुड़ी सलाह।

इस साल जनवरी में पंजाब के कई भागों में अच्छी बारिश की गतिविधियां देखने को मिली थीं। इसके परिणाम स्वरूप पंजाब में जनवरी में अब तक सामान्य से 22% अधिक वर्षा हो चुकी है।

पंजाब में अधिकांश स्थानों के अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बने हुए हैं जबकि न्यूनतम तापमान में हाल के दिनों में वृद्धि हुई है। हालांकि इस सप्ताह 19 से 21 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है, क्योंकि उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएँ इस दौरान चलेंगी।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर को 22 जनवरी से प्रभावित करेगा उसके प्रभाव से 23 24 जनवरी को पंजाब के भी उत्तरी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।

अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला, तरण तारण समेत उत्तरी जिलों में मुख्यतः बारिश के आसार हैं।

जबकि लुधियाना, पटियाला, बरनाला, मोगा, फाजिल्का और फ़रीदकोट समेत पंजाब के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि आंशिक बादल इन भागों में भी छा सकते हैं।

पंजाब के किसानों के लिए फसल सलाह

सभावित बारिश को देखते हुए किसानों को सुझाव है कि गेहूं, सरसों, चने और दलहनी फसलों की निगरानी करते रहें और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए सिंचाई या किसी भी तरह का छिड़काव ना करें।

आलू की फसल में ब्लाइट, लीफ कर्ल और सफ़ेद मक्खी जैसे रोगों और कीटों का प्रकोप हो सकता है। समय से नियंत्रण ना करने से उत्पादन और उत्पादकता दोनों प्रभावित होते हैं।

दिसंबर में या देर से बोई गई गेहूँ की फसल में नाइट्रोजन की दूसरी खुराक देने का यह सही समय है लेकिन यह तो 22 जनवरी से पहले कर लें या फिर 25 जनवरी के बाद करें।

Image Credit: The Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try