Skymet weather

[Hindi] पूर्वी राज्यों में ठंड के आगमन में विलंब

November 29, 2015 5:53 PM |

IndiaTvउत्तर भारत के पहाड़ों पर हाल की बारिश और बर्फबारी के चलते सर्दियाँ भले ही शुरू हो गई हों लेकिन पूर्वी राज्यों में लोग अभी भी सर्दी की प्रतीक्षा में हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों में तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है।

देश के उत्तरी भागों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के आने के चलते पूर्वी भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इन मौसमी सिस्टमों के चलते पूर्वी राज्यों में सर्द और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ नहीं पहुँच पा रही हैं जिससे लोगों को अभी भी सर्दी का इंतज़ार है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तापमान में गिरावट तभी आती है जब इन भागों में सर्द उत्तरी हवाओं का प्रवाह होता है। जबकि इस समय एक के बाद एक आए हाल के दो पश्चिमी विक्षोभों के चलते पूर्वी भारत में इन हवाओं के पहुँचने में बाधा आ रही है। परिणामस्वरूप देश के पूर्वी हिस्सों में पारा सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है।

अगर सुबह के तापमान की बात करें तो पटना में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस ऊपर, गया, कोलकाता और बांकुरा में 4 डिग्री सेल्सियस ऊपर तथा रांची में सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मौसमी परिदृश्य इसी तरह बना रहेगा। इसमें कोई विशेष बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। यानि कि पूर्वी भारत में हाल-फिलहाल में सुबह की तेज़ सर्दी की उम्मीद नहीं है।

पूर्वी भारत में लोगों को अभी भी कड़ाके की ठंड के लिए कुछ और दिनों की प्रतीक्षा करनी होगी। यही नहीं सुबह के तापमान में अगर हल्की बढ़ोत्तरी हो जाए तो यह कोई चौंकाने वाली बात नहीं होगी। हालांकि इन भागों में कोहरे की शुरुआत हो गई है। गंगा के मैदानी वाले भागों में सुबह के समय कई जगहों पर मध्यम कोहरा छाया रहेगा। इन भागों में एक-दो स्थानों पर घाना कोहरा छाने के भी आसार हैं।

Image credit: indiatv

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try