[Hindi] बिहार और झारखंड में सर्दी की वापसी, पटना, भागलपुर समेत कई शहरों में तापमान में भारी गिरावट

January 13, 2021 1:30 PM|

बिहार और झारखंड में पिछले कुछ दिनों से दिन और रात के तापमान सामान्य से ऊपर बने हुए थे। जनवरी के शुरुआती दिनों में आमतौर पर दोनों राज्यों में अच्छी सर्दी होती है लेकिन बीते 10-12 दिनों के दौरान ऐसा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि हवाओं का रुख बदल गया था और उत्तर भारत के राज्यों तथा मध्य भारत के कुछ इलाकों में बारिश हो रही थी। आर्द्र हवाएँ बिहार और झारखंड पर भी पहुँच रही थीं।

पूर्वी भारत के इन दोनों राज्यों में जनवरी में रुक-रुक कर हल्की वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलती हैं। जबकि अब तक उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई है। 1 जनवरी से 12 जनवरी के बीच बिहार में आमतौर पर 2.5 मिमी वर्षा होती है जबकि झारखंड में 3.5 मिमी बारिश दर्ज की जाती है। लेकिन यहाँ इस दौरान मौसम पूरी तरह से सूखा रहा। महज़ बिहार के कुछ हिस्सों में जनवरी के पहले हफ्ते में हल्की बारिश हुई थी।

आने वाले दिनों में भी इन दोनों राज्यों पर मौसम शुष्क ही रहने वाला है। मौसम विशेषज्ञों का आकलन है कि बिहार और झारखंड में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना इसलिए नहीं बन रही है क्योंकि बंगाल की खाड़ी की तरफ से कोई मौसमी सिस्टम पूर्वी भारत या पूर्वोत्तर राज्यों की तरफ नहीं आ रहा है।

हवाओं का रुख अब बदलकर पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हो गया है। पश्चिमी दिशा से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते बिहार और झारखंड में सामान्य से ऊपर पहुँच चुके दिन व रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है।

12 जनवरी को बिहार के शहरों का अधिकतम तापमान

बिहार के अधिकांश शहरों में दिन में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। राजधानी पटना में दिन में तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 18 डिग्री रहा। इसी तरह भागलपुर में 2 डिग्री कम 21 डिग्री, छपरा में 3 डिग्री कम 18.3 डिग्री, फार्बेस्गंज में 6 डिग्री कम 17.2 डिग्री, पुर्णिया में 3 डिग्री कम 20 डिग्री पारा दर्ज किया गया।

12 जनवरी को झारखंड के शहरों का अधिकतम तापमान

झारखंड में अभी भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बने हुए हैं। रांची में सामान्य से 4 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री, जमशेदपुर में 4 डिग्री अधिक 29.6 डिग्री, चाईबासा में 6 डिग्री अधिक 30.8 डिग्री, बोकारो में 4 डिग्री अधिक 29.6 डिग्री तापमान दिन में दर्ज किया गया।

उम्मीद है कि बिहार में तापमान में इसी तरह से गिरावट जारी रहेगी। अगले चार-पाँच दिनों के दौरान दिन के तापमान के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट होगी जिससे सर्दी बढ़ने की संभावना है। जबकि झारखंड में हवाओं का प्रभाव बढ़ने से तापमान सामान्य के करीब पहुंचेगा।

Image credit: The Financial Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

Similar Articles