Skymet weather

दिल्ली में बारिश का दौर, तापमान बढ़ने की संभावना नहीं

April 18, 2024 2:05 PM |

राजधानी दिल्ली में आज 18 अप्रैल को हल्की बारिश और कल 19 अप्रैल को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे पहले, दोनों वेधशालाओं  सफदरजंग और पालम ने पिछले 24 घंटों में भी बारिश को रिकॉर्ड किया था। वहीं, छिटपुट बारिश और तेज सतही हवाओं ने अभी तक दिल्ली में गर्मी को कम कर दिया है। गौरतलब है, रिकॉर्ड वेधशाला ने पिछले 3 दिनों में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 35°C मापा है। बता दें, आने वाले दिनों में होने वाली मौसम गतिविधि(बारिश, आँधी, तेज हवाएँ, तूफान, ओलावृष्टि,) के कारण तापमान गिर सकता है। लेकिन, इससे पहले आज पारा स्तर एक डिग्री बढ़ सकता है।

अप्रैल में दिल्ली का पारा 40 के पार: पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो दिल्ली में अप्रैल के महीने में कुछ मौकों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया जाता है। 2009 के बाद से, 2012 और 2023 को छोड़कर, अप्रैल का महीना बार-बार 40 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। राजधानी शहर में 2009, 2010, 2017 और 2022 में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक बढ़ गया था। वहीं, दिल्ली शहर इस बार भी पिछले साल की तरह मौसम की स्थिति दोहराए जाने की राह पर है।

40 से नीचे पारा रहने के आसार:  बता दें, राजधानी दिल्ली में अब तक 40 डिग्री सेल्सियस का तापमान पार नहीं हुआ है। दिल्ली में 10 से 13 अप्रैल के बीच लगातार चार दिनों तक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जबकि 12 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस था। अगले 5-6 दिनों तक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे रहने की संभावना है।

ऐसी बन रही मौसम प्रणाली: उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ चिह्नित है। इसके लगभग 48 घंटों तक बने रहने की संभावना है। जिसका अगले 24 घंटों तक केवल बचा हुआ असर रहेगा। साथ ही राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों और उससे सटे पाकिस्तान क्षेत्र पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। यह मौसम प्रणाली कल 19 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों के ज्यादा करीब आ जाएगी। वहीं, दिल्ली के पास एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा चल रही है। स्थानीय गर्मी, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के संयुक्त असर से अगले 2 दिनों में प्री-मानसून बारिश गरज के साथ होगी, खासकर शुक्रवार यानी 19 अप्रैल को।

दिल्ली में दो दिन बारिश: वहीं, आज 18 अप्रैल को दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। कल 19 अप्रैल को बिजली चमकने और गरज के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। दोनों दिन देर शाम और रात के समय ही मौसम की गतिविधियाँ बनेंगी। 20 अप्रैल को बादल छंटने के बाद तेज सतही हवाएँ चलेंगी। इन स्थितियों के कारण अचानक पारा बढ़ने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान लगभग 36°C तक सीमित रह सकता है। गौरतलब है, अप्रैल महीने के अंत में दिल्ली का सामान्य तापमान लगभग 38°C तक पहुँच जाता है।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try